बिहार: एलपीजी गैस व आवश्यक वस्तुओं की उपलब्धता पर उच्च स्तरीय समीक्षा बैठक, कालाबाजारी पर सख्ती के निर्देश

Amit Singh

NEWS PR डेस्क: दरभंगा, 1 अप्रैल। समाहरणालय स्थित बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर सभागार में बुधवार को एलपीजी घरेलू गैस, पेट्रोल-डीजल, खाद्य सामग्री एवं आवश्यक सेवाओं की उपलब्धता को लेकर उच्च स्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता वाणिज्य कर विभाग के सचिव सह प्रभारी सचिव दरभंगा, श्री संजय कुमार सिंह ने की।

बैठक में जिलाधिकारी दरभंगा श्री कौशल कुमार ने पावर प्वाइंट प्रस्तुतीकरण के माध्यम से जिले में एलपीजी गैस, पेट्रोल-डीजल, खाद्य सामग्री एवं अन्य आवश्यक सेवाओं की वर्तमान स्थिति की विस्तृत जानकारी दी। बताया गया कि जिले में प्रतिदिन लगभग 12 से 13 हजार एलपीजी गैस सिलेंडरों की आपूर्ति हो रही है और स्थिति सामान्य है।

समीक्षा के दौरान सचिव ने एलपीजी गैस की आपूर्ति, वितरण व्यवस्था एवं उपलब्ध स्टॉक की विस्तार से जानकारी ली। उन्होंने सभी अनुमंडल पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि अपने-अपने क्षेत्रों में नियमित छापेमारी कर यह सुनिश्चित करें कि कहीं कालाबाजारी, मुनाफाखोरी या अवैध भंडारण न हो। ऐसे मामलों में संलिप्त लोगों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए गए।

शिकायतों के त्वरित निष्पादन को लेकर सचिव ने एक सॉफ्टवेयर विकसित करने का निर्देश दिया, जिससे शिकायतों का पंजीकरण और निगरानी सुगमता से की जा सके। साथ ही सभी संबंधित पदाधिकारियों को समयबद्ध तरीके से शिकायतों का समाधान सुनिश्चित करने को कहा गया। पीएनजी (पाइप्ड नेचुरल गैस) परियोजना के क्रियान्वयन में तेजी लाने और गैस एजेंसियों के साथ नियमित समन्वय बनाए रखने के भी निर्देश दिए गए।

बैठक में सिविल सर्जन से “दीदी की रसोई” योजना के तहत एलपीजी गैस की उपलब्धता की जानकारी ली गई, जिस पर संतोषजनक स्थिति बताई गई। सिविल सर्जन को नियमित निरीक्षण करने के निर्देश दिए गए। वहीं जिला कृषि पदाधिकारी ने उर्वरकों की पर्याप्त उपलब्धता की जानकारी दी। इंडियन ऑयल, भारत पेट्रोलियम और हिंदुस्तान पेट्रोलियम के प्रतिनिधियों ने भी पेट्रोलियम उत्पादों की पर्याप्त आपूर्ति की पुष्टि की।

जिलाधिकारी ने सभी पेट्रोल पंपों पर मजिस्ट्रेट की प्रतिनियुक्ति कर सतत निगरानी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही जिलेवासियों से अपील की कि पेट्रोल, डीजल एवं घरेलू गैस पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध हैं, किसी भी प्रकार की अफवाह पर ध्यान न दें। अफवाह फैलाने वालों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की चेतावनी भी दी गई।

बैठक में नगर पुलिस अधीक्षक अशोक कुमार चौधरी, उप विकास आयुक्त स्वप्निल, अपर समाहर्ता (आपदा प्रबंधन) सलीम अख्तर, अपर समाहर्ता सह जिला लोक शिकायत निवारण पदाधिकारी राजेश कुमार गुप्ता सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित थे।

Share This Article