NEWS PR डेस्क” गया जी, 07 अप्रैल। बिहार के गया में आयोजित एक राजनीतिक कार्यक्रम के दौरान प्रेम कुमार ने पश्चिम बंगाल की राजनीति को लेकर बड़ा बयान दिया है। उन्होंने मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के नेतृत्व वाली सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए दावा किया कि राज्य में बदलाव की लहर शुरू हो चुकी है और आगामी चुनाव में सत्ता परिवर्तन तय है।
प्रेम कुमार ने कहा कि “बंगाल में अब ममता बनर्जी की उलटी गिनती शुरू हो गई है” और आने वाले समय में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन का झंडा वहां लहराएगा। उनके इस बयान के बाद राजनीतिक गलियारों में हलचल तेज हो गई है।
कानून-व्यवस्था को लेकर भी उन्होंने पश्चिम बंगाल सरकार को घेरा। “जंगलराज” जैसे हालात का जिक्र करते हुए उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य में अपराध बढ़ रहे हैं और आम लोग खुद को असुरक्षित महसूस कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि जिस तरह पहले बिहार में “जंगलराज” की चर्चा होती थी, वैसी ही स्थिति अब बंगाल में देखने को मिल रही है। प्रशासन पर निशाना साधते हुए उन्होंने इसे कानून-व्यवस्था बनाए रखने में विफल बताया। इसके साथ ही उन्होंने पलायन और घुसपैठ जैसे मुद्दों को भी उठाया और कहा कि ये समस्याएं राज्य में गंभीर रूप ले चुकी हैं।
वहीं, जब मीडिया ने उनसे बिहार में मुख्यमंत्री पद के संभावित चेहरे को लेकर सवाल किया और उनका नाम सामने आने की बात कही, तो उन्होंने मुस्कुराते हुए जवाब दिया कि उन्हें इस बारे में कोई जानकारी नहीं है। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी में सभी निर्णय केंद्रीय नेतृत्व द्वारा लिए जाते हैं और वे एक कार्यकर्ता के रूप में पार्टी के हर फैसले का सम्मान करेंगे।