NEWS PR डेस्क: दरभंगा, 09 अप्रैल 2026। जिले में संभावित पेयजल संकट से निपटने के लिए प्रशासन ने कमर कस ली है। जिलाधिकारी कौशल कुमार की अध्यक्षता में आयोजित समीक्षा बैठक में नगर निगम, नगर परिषद और नगर पंचायत के अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया गया कि किसी भी हाल में लोगों को पेयजल की कमी नहीं होनी चाहिए।
बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने सभी संबंधित अधिकारियों से जलापूर्ति की वर्तमान स्थिति और किए गए कार्यों की विस्तृत जानकारी ली। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि किसी क्षेत्र में पेयजल संकट की शिकायत मिली, तो संबंधित अधिकारियों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। विशेष रूप से बेनीपुर क्षेत्र में जलापूर्ति सुनिश्चित करने के लिए कई अहम निर्देश जारी किए गए।
नगर आयुक्त राकेश कुमार गुप्ता ने जानकारी दी कि नगर निगम क्षेत्र के विभिन्न वार्डों में बोरिंग कार्य पूरा कराया जा चुका है, जिससे पानी की उपलब्धता बेहतर हुई है। साथ ही, जिन वार्डों में अतिरिक्त जरूरत है, वहां आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं।
जिलाधिकारी ने जलापूर्ति योजनाओं के बेहतर रख-रखाव और त्वरित मरम्मत के लिए विशेष “धावा दल” के गठन का निर्देश दिया। बैठक में बताया गया कि पानी के टैंकर खरीदे जा चुके हैं और अतिरिक्त बोरिंग का कार्य भी प्रगति पर है।
इसके अलावा, सहायक समाहर्ता को बेनीपुर नगर पंचायत क्षेत्र में पेयजल व्यवस्थाओं का स्थल निरीक्षण करने का निर्देश दिया गया। सभी अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में जलापूर्ति की लगातार निगरानी रखने और आवश्यकता अनुसार टैंकर एवं बोरिंग की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया।
जिलाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिया कि अप्रैल माह के अंत तक सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली जाएं और किसी भी प्रकार की शिकायत की गुंजाइश न रहे। उन्होंने यह भी कहा कि पेयजल से जुड़ी योजनाओं में किसी तरह की लापरवाही या ढिलाई बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
बैठक में सहायक समाहर्ता, उप निदेशक जनसंपर्क सत्येंद्र प्रसाद, बुडको के कार्यपालक अभियंता तथा नगर निकायों के विभिन्न अधिकारी उपस्थित रहे।