दिनदहाड़े बैंक में छिनतई की कोशिश, महिला के शोर से टला बड़ा वारदात

Amit Singh

NEWS PR डेस्क: गया (आमस), 11 अप्रैल। आमस स्थित पीएनबी शाखा में शुक्रवार को दिनदहाड़े छिनतई की कोशिश से अफरा-तफरी मच गई। बैंक परिसर के अंदर ही एक बदमाश ने महिला से ₹50 हजार से भरा थैला छीनने का प्रयास किया, लेकिन महिला की सतर्कता और शोर मचाने से बड़ा हादसा टल गया।

जानकारी के अनुसार, चटक बीघा निवासी उषा देवी, जो जीविका समूह से जुड़ी हैं, अपने चार साथियों के साथ बैंक में ₹50 हजार की निकासी करने पहुंची थीं। बताया जा रहा है कि एक युवक पहले से ही उन पर नजर रखे हुए था। जैसे ही महिला ने पैसे थैले में रखे, युवक ने झपट्टा मारकर बैग छीन लिया।

घटना के तुरंत बाद महिला ने जोर-जोर से शोर मचाया, जिससे बैंक में मौजूद अन्य लोगों में हड़कंप मच गया। हालात बिगड़ते देख बदमाश घबरा गया और रुपये से भरा थैला वहीं छोड़कर मौके से फरार हो गया।

बैंक के ब्रांच मैनेजर सौरभ कुमार ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि पूरी वारदात सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। पुलिस को सूचना दे दी गई है और फुटेज के आधार पर आरोपी की पहचान की जा रही है।

इस घटना के बाद बैंक परिसर की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े हो गए हैं। वहीं पुलिस ने आश्वासन दिया है कि जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

Share This Article