NEWS PR डेस्क: पटना,13 अप्रैल। देशभर के स्कूली छात्रों के बीच बौद्धिक प्रतिस्पर्धा का मंच बन चुकी राष्ट्रीय अंतर-विद्यालय CCCC क्रिप्टिक क्रॉसवर्ड प्रतियोगिता 2026 के पहले ऑनलाइन राउंड के नतीजे घोषित हो गए हैं। इस राउंड में हैदराबाद के भारतीय विद्या भवन पब्लिक स्कूल, विद्याश्रम की अंजलि नंदूरी और आराध्या रंजीत ने राष्ट्रीय स्तर पर पहला स्थान हासिल कर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया।
अभी बाकी हैं दो अहम राउंड
इस प्रतियोगिता में पटना के डॉन बॉस्को एकेडमी के छात्र धैर्य पांडे ने दूसरा स्थान प्राप्त कर बिहार का नाम रोशन किया, जबकि पुणे की अवनी अतुल असलेकर तीसरे स्थान पर रहीं।
प्रतियोगिता का यह 14वां संस्करण ऑनलाइन प्लेटफॉर्म crypticsingh.com पर आयोजित किया जा रहा है। फेज-I के शेष दो ऑनलाइन राउंड 19 और 26 अप्रैल को आयोजित किए जाएंगे। छात्र अभी भी इसमें भाग लेने के लिए पंजीकरण कर सकते हैं। प्रतियोगिता में प्रतिभागी दो सदस्यीय टीम या एकल रूप में हिस्सा ले सकते हैं।
बिहार के छात्रों का दमदार प्रदर्शन
राज्य स्तरीय प्रदर्शन की बात करें तो दरभंगा के एस.एस. इंटरनेशनल पब्लिक स्कूल की अंजलि मिश्रा ने बिहार में पहला स्थान हासिल किया। वहीं, पटना शहर में डीपीएस पटना की टीम—नन्या देव सिंह और हेमांग चंद्र—ने शीर्ष स्थान प्राप्त किया।
इसके अलावा बेगूसराय, भागलपुर समेत कई शहरों के छात्रों ने भी उल्लेखनीय प्रदर्शन करते हुए अपनी प्रतिभा का परिचय दिया।
देशभर में प्रतिभा की झलक
अन्य राज्यों में भी छात्रों ने शानदार प्रदर्शन किया। महाराष्ट्र, पंजाब, मध्य प्रदेश, पश्चिम बंगाल और असम के प्रतिभागियों ने अपने-अपने राज्यों में शीर्ष स्थान हासिल कर प्रतियोगिता को और रोचक बना दिया है।
फाइनल तक का सफर
यह प्रतियोगिता ऑनलाइन और ऑफलाइन दोनों चरणों में आयोजित होती है। फेज-I से चयनित प्रतिभागी फेज-II के ऑनलाइन मुकाबले में पहुंचेंगे। इसके बाद सफल प्रतिभागियों को वर्ष के अंत में राष्ट्रीय राजधानी में होने वाले ग्रैंड फिनाले के लिए आमंत्रित किया जाएगा, जहां वे राष्ट्रीय क्रॉसवर्ड चैंपियन बनने के लिए प्रतिस्पर्धा करेंगे।
शिक्षा और कौशल का संगम
ग्रामीण विद्युतीकरण निगम के सहयोग से आयोजित यह प्रतियोगिता छात्रों की भाषा, तर्कशक्ति और विश्लेषण क्षमता को विकसित करने का एक प्रभावी मंच बन चुकी है। देशभर के हजारों छात्र इसमें भाग लेकर अपनी बौद्धिक क्षमता को नई ऊंचाइयों तक ले जा रहे हैं।
पहले ऑनलाइन राउंड के विजेताओं की पूरी सूची www.crypticsingh.com पर उपलब्ध है।
