भागलपुर (नवगछिया), बिहार में अवैध शराब के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत नवगछिया पुलिस को एक बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए भारी मात्रा में विदेशी शराब बरामद की है और एक तस्कर को गिरफ्तार किया है। इस कार्रवाई से शराब तस्करी के नेटवर्क को बड़ा झटका लगा है।
गुप्त सूचना पर पुलिस की त्वरित कार्रवाई
पुलिस अधीक्षक नवगछिया के निर्देश पर जिले में अवैध शराब और मादक पदार्थों के खिलाफ लगातार सघन अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में इस्माइलपुर थाना को विश्वसनीय सूचना प्राप्त हुई कि झारखंड से एक हाइवा वाहन के माध्यम से भारी मात्रा में अवैध विदेशी शराब नवगछिया लाई जा रही है।सूचना मिलते ही पुलिस ने तुरंत रणनीति बनाकर विक्रमशिला सेतु के पास वाहन जांच अभियान शुरू किया।
हाइवा वाहन से बड़ा खुलासा
जांच के दौरान एक संदिग्ध हाइवा (रजिस्ट्रेशन संख्या JH10AV-4562) को रोककर विधि-सम्मत तलाशी ली गई। तलाशी में पुलिस को चौंकाने वाला खुलासा हुआ।वाहन के डाला में मिट्टी के नीचे छिपाकर रखी गई भारी मात्रा में विदेशी शराब बरामद की गई। बरामद शराब में कुल 325 कार्टन में रखी 7,800 बोतलें शामिल हैं, जिनकी कुल मात्रा 2,925 लीटर बताई गई है ।पुलिस ने मौके पर ही वाहन चालक कुंदन कुमार, जो सहरसा जिले का निवासी है, को गिरफ्तार कर लिया साथ ही हाइवा वाहन को भी जब्त कर लिया गया है ।
मामला दर्ज, आगे की जांच जारी
इस्माइलपुर थाना में कांड संख्या 83/26 दर्ज कर लिया गया है। पुलिस अब इस पूरे अवैध नेटवर्क में शामिल अन्य तस्करों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है।पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि अवैध शराब के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा। इस तरह के गैरकानूनी कारोबार में शामिल किसी भी व्यक्ति को किसी भी स्थिति में बख्शा नहीं जाएगा। बता दें कि यह कार्रवाई नवगछिया पुलिस की एक बड़ी सफलता मानी जा रही है, जिसने अवैध शराब तस्करी के एक बड़े नेटवर्क पर प्रभावी प्रहार किया है।
भागलपुर से शयामानंद सिंह की रिपोर्ट
नवगछिया पुलिस की बड़ी कार्रवाई: 7,800 बोतल विदेशी शराब बरामद, तस्कर गिरफ्तार
Precise action by Navgachhia police, major blow to illegal liquor smuggling