NEWS PR डेस्क: पटना, 26 अप्रैल। बिहार की सियासत में नए समीकरणों के बीच मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के नेतृत्व और कार्यकाल को लेकर चर्चाएं तेज हैं। इसी बीच आध्यात्मिक गुरु जगद्गुरु रामभद्राचार्य ने उनके कार्यकाल को लेकर अहम टिप्पणी की है।
रविवार को पटना एयरपोर्ट पर मीडिया से बातचीत करते हुए रामभद्राचार्य ने सम्राट चौधरी की सराहना की। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री एक “अच्छे और सक्षम” नेता हैं और वे बिहार के लिए बेहतर काम करेंगे। उन्होंने भरोसा जताया कि जैसे नीतीश कुमार के कार्यकाल में विकास कार्य हुए, उसी तरह राज्य में आगे भी काम जारी रहेगा। सबसे अहम सवाल, क्या सम्राट चौधरी अपना कार्यकाल पूरा करेंगे? पर रामभद्राचार्य ने स्पष्ट कहा, “हां, वे अपना कार्यकाल पूरा करेंगे।” उनके इस बयान को राजनीतिक रूप से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
इस दौरान उन्होंने धार्मिक परियोजनाओं का भी जिक्र किया और कहा कि बाल सीता मंदिर का निर्माण 31 दिसंबर 2028 तक पूरा हो जाएगा। बिहार को लेकर उन्होंने भावनात्मक जुड़ाव भी जताया। उन्होंने कहा कि पुनौरा सीता जी की जन्मभूमि है और वे स्वयं अयोध्या से जुड़े हैं, तो सीता जी हमारी बड़ी बहू हैं, तो समधियाना में तो आना ही पड़ता है।
गौरतलब है कि एक दिन पहले ही सम्राट चौधरी ने रामभद्राचार्य से मुलाकात की थी। इसके साथ ही मुख्यमंत्री ने सीतामढ़ी महोत्सव 2026 का उद्घाटन करते हुए कहा था कि माता सीता की धरती पर मुख्यमंत्री के रूप में आना उनके लिए गर्व का विषय है।