भागलपुर : शहर में गौ हत्या के मुद्दे पर आक्रोशित हिंदू संगठनों के कार्यकर्ता सोमवार को सड़कों पर उतर आए। समाहरणालय गेट के बाहर इकट्ठा होकर उन्होंने जोरदार प्रदर्शन किया और प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की। प्रदर्शनकारी जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपने पहुंचे थे, लेकिन गेट पर तैनात सुरक्षा कर्मियों ने उन्हें समाहरणालय के अंदर प्रवेश की अनुमति नहीं दी। इसके बाद उन्हें सदर अनुमंडल कार्यालय जाने को कहा गया, जिससे कार्यकर्ताओं में नाराजगी और बढ़ गई।
भागलपुर में अवैध रूप से बूचड़खानों में गौ हत्या की घटनाएं लगातार हो रही हैं
प्रदर्शन कर रहे लोगों का आरोप था कि भागलपुर में अवैध रूप से बूचड़खानों में गौ हत्या की घटनाएं लगातार हो रही हैं। उनका कहना था कि इस संबंध में कई बार प्रशासन को सूचना दी गई, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है। हिंदू संगठनों के प्रतिनिधियों ने कहा कि गौ हत्या उनकी आस्था से जुड़ा संवेदनशील मुद्दा है और इसे किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने प्रशासन से मांग की कि अवैध बूचड़खानों को तुरंत बंद कराया जाए और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए। प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई, तो आंदोलन को और उग्र किया जाएगा।
भागलपुर से श्यामानंद सिंह की रिपोर्ट
भागलपुर में गौ रक्षा को लेकर प्रदर्शन: समाहरणालय गेट पर जुटे हिंदू संगठन
गौ हत्या के खिलाफ सड़कों पर गुस्सा—कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन होगा तेज