पश्चिम बंगाल एसटीएफ ने चर्चित चंद्रनाथ रथ हत्याकांड की जांच में बिहार में बड़ी कार्रवाई की है। STF की विशेष टीम ने बक्सर जिले के मुफस्सिल थाना क्षेत्र स्थित पांडेयपट्टी गांव में छापेमारी कर विशाल श्रीवास्तव नाम के युवक को हिरासत में लिया और पूछताछ के लिए कोलकाता लेकर रवाना हो गई।चंद्रनाथ रथ, पश्चिम बंगाल के CM शुभेंदु अधिकारी के निजी सहायक (PA) थे। उनके हत्याकांड की जांच के दौरान बिहार कनेक्शन सामने आने के बाद STF ने यह कार्रवाई की।
STF को विशाल पर क्यों है शक?
पुलिस सूत्रों के अनुसार जांच एजेंसियों को संदेह है कि विशाल श्रीवास्तव के पास हत्याकांड से जुड़ी अहम जानकारियां हो सकती हैं। आशंका जताई जा रही है कि हत्या की साजिश या उसके एग्जिक्यूशन से जुड़े कुछ महत्वपूर्ण लिंक विशाल से जुड़े हो सकते हैं।कार्रवाई के दौरान बंगाल STF ने स्थानीय पुलिस की मदद से विशाल को हिरासत में लिया और कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद अपने साथ पश्चिम बंगाल ले गई।सूत्रों के मुताबिक विशाल श्रीवास्तव का बक्सर जिले में पुराना आपराधिक इतिहास रहा है। उसके खिलाफ विभिन्न थानों में करीब एक दर्जन मामले दर्ज बताए जा रहे हैं। इनमें हत्या, आर्म्स एक्ट, गंभीर मारपीट, आपराधिक साजिश जैसे संगीन आरोप शामिल हैं। स्थानीय पुलिस के अनुसार वह लंबे समय से निगरानी में था।
राजनीति और कानून-व्यवस्था से जुड़ा संवेदनशील मामला
चंद्रनाथ रथ हत्याकांड को पश्चिम बंगाल की राजनीति और कानून-व्यवस्था से जुड़ा बेहद संवेदनशील मामला माना जा रहा है। जांच एजेंसियों का मानना है कि विशाल से पूछताछ के बाद केस से जुड़े कई अहम खुलासे हो सकते हैं।हालांकि पुलिस ने अभी तक आधिकारिक रूप से यह स्पष्ट नहीं किया है कि इस हत्याकांड में विशाल की भूमिका क्या रही है। बक्सर एसपी शुभम आर्य ने पुष्टि करते हुए बताया कि पश्चिम बंगाल पुलिस की एक टीम बक्सर पहुंची थी। उन्होंने कहा कि टीम ने छापेमारी कर विशाल श्रीवास्तव को हिरासत में लिया है।एसपी के मुताबिक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद बंगाल STF उसे पूछताछ के लिए अपने साथ ले गई है और स्थानीय पुलिस जांच में पूरा सहयोग कर रही है।
CM शुभेंदु अधिकारी के PA हत्याकांड में बड़ा खुलासा, बंगाल STF ने बक्सर में मारी दबिश
बंगाल के चर्चित हत्याकांड की जांच अब बिहार तक पहुंची