NEWS PR डेस्क: पटना, 15 मई। दानापुर स्थित आर्मी भर्ती कार्यालय (एआरओ) ने अग्निवीर भर्ती प्रक्रिया के तहत आयोजित होने वाले ऑनलाइन कॉमन एंट्रेंस एग्जाम (CEE) की तारीखों की घोषणा कर दी है। यह परीक्षा 1 जून से 15 जून 2026 तक पटना और आरा में आयोजित की जाएगी। परीक्षा के लिए दोनों शहरों में अलग-अलग केंद्र बनाए गए हैं।
आर्मी भर्ती कार्यालय दानापुर के अंतर्गत आने वाले सात जिलों के कुल 47,958 अभ्यर्थी इस परीक्षा में शामिल होंगे। इनमें पटना, बक्सर, गोपालगंज, वैशाली, भोजपुर, सीवान और सारण जिले के पंजीकृत उम्मीदवार शामिल हैं।

यह परीक्षा अग्निपथ योजना के तहत अग्निवीर जीडी, सोल्जर टेक्निकल, सोल्जर टेक्निकल नर्सिंग असिस्टेंट, ट्रेड्समैन, क्लर्क और स्टोर कीपर टेक्निकल समेत विभिन्न श्रेणियों के पदों के लिए आयोजित की जा रही है। विभिन्न कैटेगरी की परीक्षाएं अलग-अलग तिथियों पर ऑनलाइन माध्यम से ली जाएंगी।
जिला जनसंपर्क पदाधिकारी लोकेश कुमार झा ने बताया कि परीक्षा में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों के एडमिट कार्ड आर्मी भर्ती कार्यालय की ओर से जारी किए जाएंगे। उम्मीदवार अपने परीक्षा केंद्र, परीक्षा तिथि और अन्य जरूरी जानकारी आधिकारिक ऑनलाइन पोर्टल के माध्यम से प्राप्त कर सकेंगे।

उन्होंने कहा कि अभ्यर्थियों को परीक्षा से संबंधित दिशा-निर्देशों का सख्ती से पालन करना होगा। परीक्षा केंद्र पर रिपोर्टिंग समय, आवश्यक दस्तावेज और अन्य निर्देश ऑनलाइन उपलब्ध करा दिए गए हैं।
आर्मी भर्ती कार्यालय ने अभ्यर्थियों को सलाह दी है कि वे अपने मोबाइल नंबर, ईमेल आईडी, लोकेशन डिटेल और व्यक्तिगत दस्तावेज अपडेट रखें, ताकि किसी प्रकार की असुविधा न हो। जरूरत पड़ने पर अभ्यर्थी और उनके अभिभावक स्थानीय आर्मी भर्ती कार्यालय जाकर भी जानकारी प्राप्त कर सकते हैं।
सेना भर्ती कार्यालय के अनुसार परीक्षा की तैयारियां अंतिम चरण में हैं और सभी केंद्रों पर सुरक्षा एवं तकनीकी व्यवस्थाओं को मजबूत किया जा रहा है, ताकि परीक्षा प्रक्रिया निष्पक्ष और सुचारु रूप से संपन्न हो सके।