भागलपुर के सबौर प्रखंड स्थित जिछो गांव में शुक्रवार को कांग्रेस के वरिष्ठ नेता स्वर्गीय प्रवीण सिंह कुशवाहा की स्मृति में भव्य श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में राजनीतिक और सामाजिक जगत की कई बड़ी हस्तियां शामिल हुईं, जिन्होंने दिवंगत नेता को श्रद्धासुमन अर्पित कर उनके परिवार को सांत्वना दी। गांव का माहौल भावुक रहा और समर्थकों की आंखें अपने प्रिय नेता को याद कर नम हो उठीं।

श्रद्धांजलि सभा में विशेष रूप से बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी की पत्नी कुमारी ममता पहुंचीं। उन्होंने प्रवीण सिंह कुशवाहा के तैलचित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी और उनकी पत्नी, बच्चों व परिवार के अन्य सदस्यों से मुलाकात कर गहरी संवेदना व्यक्त की इसके अलावा पूर्णिया के सांसद पप्पू यादव भी दोपहर बाद भागलपुर के जिछो पहुंचे और दिवंगत नेता को श्रद्धांजलि अर्पित की
प्रशासन पूरी तरह अलर्ट
कुमारी ममता के आगमन को लेकर प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में नजर आया। वे दुमका–पटना एक्सप्रेस से भागलपुर रेलवे स्टेशन पहुंचीं, जहां सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे। ट्रेन के पहुंचने से पहले सुरक्षा बलों ने स्टेशन परिसर की गहन जांच-पड़ताल की। इसके बाद कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच उनका काफिला कार्यक्रम स्थल जिछो के लिए रवाना हुआ।

सभा में राजेश राम, कुमार शैलेंद्र, अजीत शर्मा, अभिषेक रंजन, शुभानंद मुकेश और शकील अहमद खान समेत कई प्रमुख नेता मौजूद रहे। जिछो बायपास स्थित हज़रा पोखर के पास आयोजित इस कार्यक्रम में दोपहर 2 बजे से ही लोगों की भीड़ उमड़ने लगी थी। समर्थकों और करीबियों ने दिवंगत नेता के संघर्ष, सामाजिक योगदान और राजनीतिक जीवन को याद करते हुए उन्हें भावभीनी विदाई दी।
भागलपुर से श्यामानंद सिंह की रिपोर्ट