पटना में सीएनजी महंगी, उपभोक्ताओं पर बढ़ा बोझ; नई दर ₹92.90 प्रति किलो

ईंधन महंगा, सफर भारी—पटना में सीएनजी की बढ़ी कीमतों ने बढ़ाई चिंता

Rashmi Tiwari

राजधानी पटना में सीएनजी उपभोक्ताओं को एक बार फिर महंगाई का झटका लगा है। गेल द्वारा आपूर्ति की जाने वाली सीएनजी की कीमत में ₹2 प्रति किलो की बढ़ोतरी की गई है। नई दर लागू होने के बाद अब पटना के विभिन्न सीएनजी पंपों पर गैस ₹92.90 प्रति किलो की दर से उपलब्ध हो रही है। यह बदलाव तत्काल प्रभाव से लागू कर दिया गया है।

पंप संचालकों के अनुसार, आपूर्ति और परिचालन लागत में वृद्धि के चलते सीएनजी दरों में संशोधन किया गया है। नई कीमतों के लागू होने के बाद ऑटो, टैक्सी और निजी सीएनजी वाहनों की चलाने की लागत में सीधा असर देखने को मिलेगा।कीमत बढ़ने से खासकर रोजाना सीएनजी पर निर्भर ऑटो चालकों में नाराजगी देखी जा रही है। उनका कहना है कि ईंधन की बढ़ती कीमतों के कारण उनकी दैनिक आमदनी पर असर पड़ रहा है और संचालन लागत लगातार बढ़ती जा रही है।

गौरतलब है कि पटना में बड़ी संख्या में वाहन सीएनजी पर आधारित हैं, जिन्हें पेट्रोल और डीजल की तुलना में पर्यावरण के लिए बेहतर विकल्प माना जाता है। हालांकि, लगातार बढ़ती कीमतों ने अब उपभोक्ताओं की चिंता बढ़ा दी है और आने वाले दिनों में इसका असर यातायात किराए पर भी पड़ सकता है।

Share This Article