रिश्तों को शर्मसार करने वाली दबंगई, इंसाफ के लिए दर-दर भटक रहा परिवार

गया में रिश्तों को शर्मसार करने वाली वारदात, चचेरे चाचा पर हमला कराने का आरोप

Rashmi Tiwari

गया में रिश्तों को शर्मसार करने वाली एक घटना ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है। यहां मामूली विवाद ने ऐसा हिंसक रूप ले लिया कि एक ही परिवार के कई लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। आरोप है कि चचेरे चाचा ने अपने साथियों के साथ मिलकर गर्भवती महिला तक को नहीं बख्शा। घटना का वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसके बाद पुलिस की कार्रवाई पर भी सवाल उठने लगे हैं।


दरअसल मामला गया जिले के टनकुप्पा थाना क्षेत्र के जीहन बिगहा गांव का है। पीड़िता नंदनी कुमारी के मुताबिक, उनके चचेरे चाचा शंकर साव घर के पास कूड़ा फेंक रहे थे। जब परिवार ने इसका विरोध किया तो पहले गाली-गलौज की गई और फिर बाहर से करीब दस लोगों को बुलाकर हमला कर दिया गया। आरोप है कि पिता और भाई को बेरहमी से पीटा गया, जबकि बीच-बचाव करने पहुंचीं नंदनी और उनकी गर्भवती भाभी को भी लाठी-डंडों से मारकर घायल कर दिया गया।


पीड़ित परिवार का कहना है कि इस हमले में गर्भवती महिला और उसके गर्भ में पल रहे बच्चे को भी गंभीर चोट पहुंची है। घटना के बाद परिवार ने मारपीट का वीडियो और लिखित शिकायत टनकुप्पा थाना में दी, लेकिन कई दिनों तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। आरोप है कि आरोपी अब भी खुलेआम घूम रहे हैं और लगातार जान से मारने की धमकी दे रहे हैं।


बताया जा रहा है कि यह घटना 15 मई की है, लेकिन पुलिस से इंसाफ नहीं मिलने के बाद पीड़िता ने अब वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल किया। वीडियो सामने आने के बाद पुलिस प्रशासन भी हरकत में आया है। पीड़िता ने चेतावनी दी है कि अगर जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो पूरा परिवार आत्मदाह करने को मजबूर होगा।पीड़ित परिवार ने अब एसएसपी और आईजी कार्यालय पहुंचकर न्याय की गुहार लगाई है। वहीं इस मामले ने एक बार फिर कानून-व्यवस्था और ग्रामीण इलाकों में दबंगई के मुद्दे को लेकर कई सवाल खड़े कर दिए हैं।
गया से आशिष कुमार की रिपोर्ट

Share This Article