बख्तियारपुर में उत्पाद विभाग की टीम पर हमला, पथराव में एसआई समेत तीन घायल

Amit Singh

NEWS PR डेस्क: पटना, 29 मई। बख्तियारपुर थाना क्षेत्र के रानीसराय गांव में अवैध शराब के खिलाफ छापेमारी करने पहुंची उत्पाद विभाग की टीम पर असामाजिक तत्वों ने हमला कर दिया। गुरुवार देर शाम हुई इस घटना में विभागीय वाहन क्षतिग्रस्त हो गया, जबकि एक एसआई, चालक समेत तीन लोग घायल हो गए।

जानकारी के अनुसार उत्पाद विभाग की बाढ़ टीम को रानीसराय गांव में अवैध शराब बिक्री की सूचना मिली थी। सूचना के आधार पर टीम गांव में छापेमारी करने पहुंची थी। इसी दौरान कुछ लोगों ने अचानक टीम पर पथराव शुरू कर दिया।

हमले में विभागीय वाहन का शीशा टूट गया और वाहन में सवार कर्मी घायल हो गए। घटना के बाद इलाके में अफरातफरी का माहौल बन गया। स्थानीय लोगों के अनुसार पथराव काफी देर तक होता रहा, जिससे मौके पर तनाव की स्थिति उत्पन्न हो गई।

घटना की सूचना मिलते ही बख्तियारपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन अंधेरे का फायदा उठाकर हमलावर फरार हो गए। पुलिस ने इलाके में छापेमारी शुरू कर दी है।

थानाध्यक्ष देवानंद शर्मा ने बताया कि उत्पाद विभाग की टीम पर पथराव की घटना सामने आई है। मामले में प्राथमिकी दर्ज की जा रही है। पुलिस ने एक व्यक्ति को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है तथा अन्य आरोपियों की पहचान की जा रही है।

पुलिस का कहना है कि दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Share This Article