भागलपुर में नशे के खिलाफ बड़ी कार्रवाई, ब्राउन शुगर के साथ एक गिरफ्तार

नशे के कारोबार पर पुलिस का प्रहार, ब्राउन शुगर के साथ आरोपी गिरफ्तार

Rashmi Tiwari

भागलपुर। जिले में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत पीरपैंती थाना पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 8.12 ग्राम ब्राउन शुगर के साथ एक अपराधकर्मी को गिरफ्तार किया है। बताया जा रहा है कि वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर जिले में “स्वस्थ युवा, स्वस्थ भागलपुर” अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत अवैध शराब और मादक पदार्थों के कारोबार पर लगातार छापेमारी की जा रही है।

पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि पीरपैंती बाजार स्थित कोऑपरेटिव बैंक के समीप कुछ लोग अवैध मादक पदार्थ की खरीद-बिक्री कर रहे हैं। सूचना के सत्यापन के लिए पुलिस अधीक्षक नगर की निगरानी में अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी कहलगांव-2 और पीरपैंती थाना अध्यक्ष के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया। छापेमारी के दौरान पुलिस को देखकर एक व्यक्ति भागने लगा, जिसे सशस्त्र बल की मदद से खदेड़कर पकड़ लिया गया। गिरफ्तार आरोपी की पहचान पीरपैंती बाजार निवासी मो. रहमतू के रूप में हुई है।


तलाशी के दौरान आरोपी के पास से 8.12 ग्राम ब्राउन शुगर बरामद किया गया। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी का पूर्व में भी आपराधिक इतिहास रहा है। फिलहाल पुलिस इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है।
भागलपुर से श्यामानंद सिंह की रिपोर्ट

Share This Article