बिहार में बस यात्रा हुई महंगी, 1 जून से लागू होगा नया किराया

Amit Singh

NEWS PR डेस्क: पटना, 30 मई। बिहार में बस यात्रियों को अब सफर के लिए ज्यादा पैसे खर्च करने होंगे। राज्य सरकार ने बस किराये में 10 से 15 प्रतिशत तक बढ़ोतरी करने का फैसला लिया है। परिवहन विभाग की ओर से नई दरों की अधिसूचना जारी कर दी गई है, जो 1 जून 2026 से पूरे राज्य में लागू होगी।

नई व्यवस्था के तहत दूरी के आधार पर किराये में अलग-अलग बढ़ोतरी की गई है। 50 किलोमीटर तक की दूरी पर 15 प्रतिशत, 100 किलोमीटर तक 14 प्रतिशत, 150 किलोमीटर तक 13 प्रतिशत, 200 किलोमीटर तक 12 प्रतिशत, 250 किलोमीटर तक 11 प्रतिशत और 300 किलोमीटर से अधिक दूरी पर 10 प्रतिशत तक किराया बढ़ाया गया है।

साधारण बस सेवा में अब 50 किलोमीटर तक यात्रा करने पर यात्रियों को प्रति किलोमीटर 1.73 रुपये देने होंगे, जबकि पहले यह दर 1.50 रुपये प्रति किलोमीटर थी। इसी तरह 100 किलोमीटर तक के लिए नया किराया 1.71 रुपये प्रति किलोमीटर तय किया गया है। 200 किलोमीटर तक 1.68 रुपये और 300 किलोमीटर से अधिक दूरी के लिए 1.65 रुपये प्रति किलोमीटर किराया लागू होगा।

डीलक्स और एसी बस सेवाओं के किराये में भी इजाफा किया गया है। डीलक्स बस में 50 किलोमीटर तक यात्रा के लिए प्रति किलोमीटर 1.96 रुपये, 100 किलोमीटर तक 1.92 रुपये और 200 किलोमीटर तक 1.89 रुपये किराया निर्धारित किया गया है।

वहीं डीलक्स एसी बस सेवा में 50 किलोमीटर तक के लिए 2.30 रुपये प्रति किलोमीटर, 100 किलोमीटर तक 2.28 रुपये और 200 किलोमीटर तक 2.24 रुपये प्रति किलोमीटर किराया देना होगा।

वॉल्वो बसों के किराये में भी संशोधन किया गया है। नई दरों के अनुसार 50 किलोमीटर तक के लिए 2.88 रुपये, 100 किलोमीटर तक 2.85 रुपये, 200 किलोमीटर तक 2.80 रुपये और 300 किलोमीटर से अधिक दूरी के लिए 2.75 रुपये प्रति किलोमीटर किराया तय किया गया है।

राज्य की नगरीय बस सेवाओं के किराये में भी बढ़ोतरी हुई है। अब शहरों में चलने वाली बसों में पहले चार किलोमीटर के लिए 1.84 रुपये प्रति किलोमीटर और उसके बाद प्रत्येक दो किलोमीटर के लिए 1.73 रुपये प्रति किलोमीटर किराया देना होगा। पहले यह दर क्रमशः 1.60 रुपये और 1.50 रुपये थी।

परिवहन विभाग ने सभी बस संचालकों को निर्देश दिया है कि नई किराया सूची बसों और बस स्टैंडों पर प्रमुखता से प्रदर्शित की जाए। विभाग ने यह भी स्पष्ट किया है कि बसों के प्रारंभिक और अंतिम गंतव्य के बीच किराये का अंतिम निर्धारण राज्य और क्षेत्रीय परिवहन प्राधिकार द्वारा किया जाएगा।

बताया जा रहा है कि डीजल और सीएनजी की बढ़ती कीमतों को देखते हुए किराये में यह बढ़ोतरी की गई है।

Share This Article