अनंत सिंह और गुंजन सिंह को कोर्ट से अंतरिम राहत, 5 जून तक गिरफ्तारी पर रोक

Amit Singh

NEWS PR डेस्क: गोपालगंज, 30 मई। मोकामा के जदयू विधायक अनंत सिंह और भोजपुरी गायक गुंजन सिंह को गोपालगंज की एमपी-एमएलए कोर्ट से बड़ी राहत मिली है। कोर्ट ने दोनों आरोपितों की गिरफ्तारी पर फिलहाल 5 जून तक रोक लगा दी है। मामले की अगली सुनवाई भी इसी तारीख को निर्धारित की गई है।

एमपी-एमएलए कोर्ट के न्यायाधीश राजेंद्र कुमार पांडेय ने शुक्रवार को मामले की सुनवाई के दौरान दोनों पक्षों की दलीलें सुनने के बाद यह अंतरिम राहत प्रदान की। अदालत ने अगली सुनवाई तक दोनों आरोपितों के खिलाफ किसी प्रकार की गिरफ्तारी कार्रवाई पर रोक लगाने का आदेश दिया है।

मोकामा विधायक अनंत सिंह की ओर से पेश अधिवक्ता राजेश पांडेय ने अदालत को बताया कि पुलिस अब तक मामले से जुड़ी फॉरेंसिक जांच रिपोर्ट न्यायालय में प्रस्तुत नहीं कर सकी है। इस पर सरकार की ओर से उपस्थित अधिवक्ता ने रिपोर्ट दाखिल करने के लिए अतिरिक्त समय की मांग की।

सुनवाई के दौरान राज्य सरकार की ओर से यह भी जानकारी दी गई कि मामले की जांच अब बिहार सीआईडी को सौंप दी गई है। गोपालगंज पुलिस द्वारा केस से संबंधित सभी दस्तावेज और फाइलें सीआईडी को हस्तांतरित कर दी गई हैं।

गौरतलब है कि मीरगंज थाना क्षेत्र के सेमरांव गांव में 2 और 3 मई को आयोजित जनेऊ संस्कार कार्यक्रम में विधायक अनंत सिंह भोजपुरी गायक गुंजन सिंह के निमंत्रण पर पहुंचे थे। इसी कार्यक्रम के दौरान कथित हथियार प्रदर्शन का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था।

वीडियो वायरल होने के बाद मीरगंज थाना में अनंत सिंह, गुंजन सिंह समेत कुल नौ लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई थी। पुलिस ने मामले में आर्म्स एक्ट के तहत कार्रवाई शुरू की थी।

अब इस पूरे मामले पर अगली अहम सुनवाई 5 जून को होगी। ऐसे में राजनीतिक और कानूनी दोनों हलकों की नजरें अब अदालत के अगले फैसले पर टिकी हुई हैं।

Share This Article