नगर निगम सशक्त स्थायी समिति चुनाव में पुराने चेहरों का दबदबा, 5 दिग्गज फिर जीते, 2 नए सदस्यों की एंट्री

स्थायी समिति का गठन पूरा, अब विकास के वादों को जमीन पर उतारने की चुनौती

Rashmi Tiwari
- Advertisements -
Your Brand Here
Limited time offer
Advertise Now →

गयाजी: नगर निगम की सशक्त स्थायी समिति के गठन को लेकर हुए चुनाव का परिणाम घोषित कर दिया गया है। सात सीटों के लिए हुए इस अहम चुनाव में पांच पुराने सदस्यों ने अपनी पकड़ बरकरार रखते हुए दोबारा जीत हासिल की, जबकि दो नए चेहरों ने पहली बार समिति में प्रवेश कर राजनीतिक गलियारों में चर्चा बटोर ली।


चुनाव में पूर्व डिप्टी मेयर मोहन श्रीवास्तव, विनोद प्रसाद यादव, चुन्नू खान, तबस्सुम परवीन और मनोज कुमार ने लगातार दूसरी बार जीत दर्ज की। वहीं सारिका वर्मा और उपेंद्र कुमार पहली बार सशक्त स्थायी समिति के सदस्य चुने गए। दूसरी ओर, वार्ड संख्या-1 की स्वर्णलता वर्मा को इस बार हार का सामना करना पड़ा।
गौरतलब है कि समिति की सात सीटों के लिए कुल 14 उम्मीदवार मैदान में थे। चुनाव को लेकर कई दिनों से नगर निगम की राजनीति गर्म रही। पार्षदों के बीच समर्थन जुटाने और संख्या बल मजबूत करने को लेकर लगातार बैठकों और रणनीतियों का दौर चलता रहा। यही वजह रही कि इस चुनाव को नगर निगम की राजनीति का सबसे प्रतिष्ठित मुकाबला माना जा रहा था।

- Advertisements -
Your Brand Here
Limited time offer
Advertise Now →


मतगणना पूरी होने और परिणाम घोषित होते ही विजयी उम्मीदवारों के समर्थकों में खुशी की लहर दौड़ गई। निगम कार्यालय परिसर में समर्थकों ने विजेताओं का फूल-मालाओं से स्वागत किया और जमकर नारेबाजी की। इस मौके पर मेयर गणेश पासवान ने सभी निर्वाचित सदस्यों को मिठाई खिलाकर बधाई दी और बेहतर कार्यकाल की शुभकामनाएं दीं।
जीत के बाद मीडिया से बातचीत में मोहन श्रीवास्तव ने शहर के विकास को प्राथमिकता बताते हुए कई महत्वपूर्ण योजनाओं की घोषणा की। उन्होंने कहा कि आने वाले छह महीनों में शहर में विकास कार्यों की नई तस्वीर दिखाई देगी। गांधी मैदान क्षेत्र में प्रदूषण नियंत्रण के लिए आधुनिक प्रदूषण-मुक्त टावर लगाए जाएंगे। साथ ही जिन इलाकों में अब तक मैकेनिकल स्वीपिंग की सुविधा नहीं पहुंची है, वहां अगले एक महीने के भीतर सफाई व्यवस्था शुरू की जाएगी।
उन्होंने स्वच्छता सर्वेक्षण में गया को देश के शीर्ष 10 शहरों में शामिल कराने का लक्ष्य भी रखा। इसके अलावा आधुनिक बस स्टॉप निर्माण, वार्ड स्तर पर पुस्तक भवन की स्थापना और शहर की सभी गलियों में एलईडी स्ट्रीट लाइट लगाने जैसी योजनाओं को भी जल्द पूरा करने का भरोसा दिलाया।
गया से आशिष कुमार की रिपोर्ट

- Advertisements -
Your Brand Here
Limited time offer
Advertise Now →
Share This Article