बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी मुख्यमंत्री पद संभालने के बाद पहली बार रविवार को भागलपुर पहुंच रहे हैं। उनके आगमन को लेकर प्रशासनिक और राजनीतिक हलकों में तैयारियां तेज हो गई हैं।अपने दौरे के दौरान मुख्यमंत्री पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण शिविर के समापन समारोह में शामिल होंगे। इस अवसर पर वे पार्टी कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों को संबोधित करते हुए संगठनात्मक मजबूती और आगामी रणनीतियों पर अपने विचार साझा करेंगे।

कार्यक्रम के बाद मुख्यमंत्री समीक्षा भवन पहुंचेंगे, जहां वे जिले के अधिकारियों के साथ महत्वपूर्ण बैठक करेंगे। बैठक में विभिन्न विकास योजनाओं, निर्माणाधीन परियोजनाओं और जनकल्याणकारी कार्यक्रमों की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की जाएगी। साथ ही योजनाओं के क्रियान्वयन में आ रही चुनौतियों और उनके समाधान पर भी चर्चा होने की संभावना है।

मुख्यमंत्री के दौरे को देखते हुए जिला प्रशासन ने सभी तैयारियों को अंतिम रूप देना शुरू कर दिया है। कार्यक्रम स्थल, समीक्षा बैठक और आवागमन मार्गों पर विशेष व्यवस्थाएं की जा रही हैं। सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी प्रशासन पूरी तरह सतर्क है और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं।मुख्यमंत्री के इस दौरे को भागलपुर के विकास और प्रशासनिक गतिविधियों के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। भागलपुर से श्यामानंद सिंह की रिपोर्ट