नशे के कारोबार पर भागलपुर पुलिस का बड़ा प्रहार, 200 ग्राम ब्राउन शुगर के साथ तस्कर गिरफ्तार

भागलपुर में 200 ग्राम ब्राउन शुगर के साथ तस्कर गिरफ्तार

Rashmi Tiwari

भागलपुर: नशे के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत भागलपुर पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। सबौर थाना क्षेत्र में पुलिस ने 200 ग्राम ब्राउन शुगर के साथ एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी के पास से एक मोबाइल फोन भी बरामद किया गया है। पुलिस मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है।


पुलिस अधिकारियों के अनुसार, वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर जिले में “स्वस्थ युवा, स्वस्थ भागलपुर” अभियान के तहत अवैध मादक पदार्थों के कारोबार के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी दौरान पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि पश्चिम बंगाल से मादक पदार्थ लेकर एक व्यक्ति सबौर थाना क्षेत्र में पहुंचने वाला है।


सूचना की पुष्टि होने के बाद नगर पुलिस अधीक्षक, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (विधि-व्यवस्था), सबौर थाना और डीआईयू टीम के नेतृत्व में एक विशेष छापेमारी दल का गठन किया गया। टीम ने सबौर थाना क्षेत्र के पंचमुखी के पास घेराबंदी कर संदिग्ध की तलाश शुरू की।
पुलिस को देखते ही एक व्यक्ति भागने का प्रयास करने लगा, लेकिन सशस्त्र बलों की मदद से उसे मौके पर ही पकड़ लिया गया। गिरफ्तार आरोपी की पहचान रंजीत तांती के रूप में हुई है, जो हबीबपुर थाना क्षेत्र के बाल्टी कारखाना इलाके का निवासी बताया जा रहा है।


तलाशी के दौरान आरोपी के पास से 200 ग्राम ब्राउन शुगर और एक मोबाइल फोन बरामद किया गया। पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि वह पश्चिम बंगाल से मादक पदार्थ लाकर स्थानीय स्तर पर उसकी खरीद-बिक्री करता था।पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की संबंधित धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज कर ली है और पूरे नेटवर्क की जांच शुरू कर दी है।
सिटी एसपी ने बताया कि जिले में नशे के कारोबार के खिलाफ भागलपुर पुलिस का अभियान लगातार जारी है। उन्होंने कहा कि युवाओं को नशे की गिरफ्त से बचाने और मादक पदार्थों के अवैध कारोबार पर रोक लगाने के लिए आगे भी सख्त कार्रवाई की जाएगी। भागलपुर से श्यामानंद सिंह की रिपोर्ट

Share This Article