लापरवाही पर सरकार सख्त, दरभंगा में राजस्व कर्मचारी निलंबित

Amit Singh

NEWS PR डेस्क: दरभंगा, 02 जून 2026। जिले में राजस्व मामलों के त्वरित निष्पादन को लेकर प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। समाहरणालय स्थित बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर सभागार में जिलाधिकारी कौशल कुमार की अध्यक्षता में केवटी, सिंहवाड़ा और जाले अंचलों के राजस्व कार्यों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में राजस्व कर्मचारी, राजस्व अधिकारी, अंचलाधिकारी तथा भूमि सुधार उप समाहर्ता (डीसीएलआर) मौजूद रहे।

समीक्षा के दौरान जिलाधिकारी ने राजस्व महाअभियान के तहत प्राप्त सभी आवेदनों को शीघ्र पोर्टल पर अपलोड करने और लंबित मामलों का निर्धारित समय सीमा के भीतर निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि राजस्व महाअभियान के अंतर्गत लंबित सभी आवेदनों का निपटारा 7 जून 2026 तक हर हाल में किया जाए।

बैठक में परिमार्जन प्लस, भूमि मापी, दाखिल-खारिज, जमाबंदी सुधार और राजस्व महाअभियान से जुड़े मामलों की विस्तृत समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि जिन आवेदनों में दस्तावेजों की कमी है, उनमें आवेदकों से आवश्यक अभिलेख प्राप्त कर नियमानुसार कार्रवाई की जाए। उन्होंने चेतावनी दी कि राजस्व मामलों में लापरवाही, शिथिलता या अनावश्यक विलंब के लिए संबंधित अधिकारी और कर्मचारी व्यक्तिगत रूप से जिम्मेदार होंगे।

इसी दौरान बहेड़ी अंचल के राजस्व कर्मचारी वीरेंद्र कुमार के खिलाफ कार्रवाई की गई। जांच में पाया गया कि उन्होंने सभी आवश्यक दस्तावेज उपलब्ध होने के बावजूद एक दाखिल-खारिज मामले को आठ महीने तक लंबित रखा और संबंधित भू-धारक को अनावश्यक रूप से परेशान किया। अंचलाधिकारी बहेड़ी की जांच रिपोर्ट के आधार पर जिलाधिकारी ने वीरेंद्र कुमार को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया। साथ ही अंचलाधिकारी को दो दिनों के भीतर उनके विरुद्ध आरोप पत्र गठित करने का निर्देश दिया गया है।

बैठक में फार्मर रजिस्ट्री अभियान की भी समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने कहा कि किसानों को सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाने के लिए फार्मर रजिस्ट्री अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने अधिकारियों को प्रत्येक पंचायत में विशेष अभियान चलाकर किसानों की पहचान करने और उनकी फार्मर रजिस्ट्री आईडी बनाने का निर्देश दिया।

इसके अलावा जमाबंदी सुधार से संबंधित लंबित आवेदनों के शीघ्र निष्पादन पर भी जोर दिया गया। बैठक में अपर समाहर्ता (राजस्व) मनोज कुमार, डीसीएलआर सदर संजीत कुमार सहित संबंधित अंचलों के अधिकारी उपस्थित थे।

Share This Article