राजनीति से मनोरंजन तक: अब भोजपुरी रियलिटी शो और फिल्म में नजर आएंगे तेज प्रताप यादव

राजनीति के मंच से मनोरंजन की दुनिया तक, तेज प्रताप यादव की नई पारी पर सबकी नजर

Rashmi Tiwari

राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के अध्यक्ष तेज प्रताप यादव एक बार फिर अपने अलग अंदाज को लेकर सुर्खियों में हैं। राजनीति, धार्मिक गतिविधियों और सोशल मीडिया पर चर्चित रहने वाले तेज प्रताप अब मनोरंजन जगत में भी अपनी नई पारी शुरू करने जा रहे हैं। जल्द ही वह एक भोजपुरी रियलिटी शो और फिल्म में अभिनय करते नजर आएंगे।


भोजपुरी रियलिटी शो ‘भोजपुरी बवाल’ में दिखेगा नया अंदाज
तेज प्रताप यादव आगामी भोजपुरी रियलिटी शो ‘भोजपुरी बवाल’ का हिस्सा बनने जा रहे हैं। शो का पोस्टर और प्रोमो सामने आने के बाद इसकी चर्चा तेज हो गई है। पोस्टर में तेज प्रताप का नया और अलग अंदाज देखने को मिला है, जिस पर सोशल मीडिया पर तरह-तरह की प्रतिक्रियाएं आ रही हैं।
इस शो में भोजपुरी सिनेमा के कई बड़े सितारे शामिल होंगे, जिनमें पवन सिंह, दिनेश लाल यादव ‘निरहुआ’, आम्रपाली दुबे और काजल राघवानी जैसे लोकप्रिय कलाकार नजर आएंगे।जानकारी के अनुसार, शो का फॉर्मेट पारंपरिक रियलिटी कार्यक्रमों से अलग होगा, जिसमें कलाकारों की निजी और पेशेवर जिंदगी के कई अनदेखे पहलुओं को दर्शकों के सामने प्रस्तुत किया जाएगा।


फिल्म ‘मोहन’ में निभा रहे हैं भगवान श्रीकृष्ण की भूमिका
रियलिटी शो के अलावा तेज प्रताप यादव भोजपुरी फिल्म ‘मोहन’ में भी अभिनय कर रहे हैं। इस फिल्म में वह भगवान श्रीकृष्ण की भूमिका निभा रहे हैं। फिल्म की शूटिंग वृंदावन के वंशी घाट सहित कई धार्मिक स्थलों पर की गई है।फिल्म में उनके साथ अभिनेत्री Kajal Raghwani भी दिखाई देंगी। कुछ समय पहले तेज प्रताप ने शूटिंग से जुड़ा एक वीडियो साझा किया था, जिसमें वह श्रीकृष्ण के वेश में बांसुरी बजाते नजर आए थे। वीडियो में पारंपरिक रासलीला से जुड़े दृश्य भी फिल्माए गए थे।
पहले भी कर चुके हैं अभिनय
बता दें कि यह पहला अवसर नहीं है जब तेज प्रताप कैमरे के सामने अभिनय करते दिखाई देंगे। वर्ष 2016 में उन्होंने भोजपुरी फिल्म ‘अपहरण उद्योग’ की शूटिंग में हिस्सा लिया था। इस फिल्म में उन्होंने मुख्यमंत्री की भूमिका निभाई थी। हालांकि यह फिल्म रिलीज नहीं हो सकी।
पिता लालू भी आजमा चुके हैं अभिनय में किस्मत
तेज प्रताप से पहले उनके पिता लालू प्रसाद यादव (Lalu Prasad Yadav) भी अभिनय की दुनिया में कदम रख चुके हैं। वर्ष 2005 में रिलीज हुई पद्मश्री लालू प्रसाद यादव Padmashree Laloo Prasad Yadav में उन्होंने विशेष भूमिका निभाई थी। फिल्म में उनका देसी अंदाज काफी चर्चित हुआ था। इसमें सुनील शेट्टी (Suniel Shetty), जॉनी लीवर(Johnny Lever) और Mahesh Manjrekar जैसे कलाकार भी शामिल थे।इसके अलावा लालू प्रसाद भोजपुरी फिल्मों ‘महुआ’ और ‘गुदरी के लाल’ में भी नजर आ चुके हैं, हालांकि इन फिल्मों को बड़ी व्यावसायिक सफलता नहीं मिली थी। राजनीति में अपनी अलग पहचान रखने वाले तेज प्रताप यादव अब भोजपुरी मनोरंजन जगत में नई भूमिका निभाने जा रहे हैं। ऐसे में यह देखना दिलचस्प होगा कि वह अभिनय और रियलिटी शो की दुनिया में दर्शकों पर कितना प्रभाव छोड़ पाते हैं।

Share This Article