भागलपुर: एनटीपीसी कहलगांव ने अपने कॉरपोरेट सामाजिक उत्तरदायित्व (CSR) कार्यक्रम के तहत बालिका सशक्तिकरण अभियान (Girls Empowerment Mission) की शुरुआत की। अभियान का शुभारंभ एनटीपीसी के निदेशक (प्रचालन) रविन्द्र कुमार, संयुक्त महिला समिति की वरिष्ठ सदस्य चंदना कुमारी तथा परियोजना प्रमुख रविन्द्र पटेल ने कहलगांव स्थित अंग भवन में दीप प्रज्वलित कर किया। कार्यक्रम का संचालन जनसंपर्क पदाधिकारी (PRO) प्रिया कुमारी ने किया।

इस अवसर पर निदेशक (प्रचालन) रविन्द्र कुमार ने कहा कि बालिका सशक्तिकरण अभियान एनटीपीसी की एक महत्वपूर्ण CSR पहल है, जिसका उद्देश्य बालिकाओं के सर्वांगीण विकास, आत्मविश्वास में वृद्धि, जीवन-कौशल के विकास तथा उन्हें बड़े सपने देखने और उन्हें हासिल करने के लिए प्रेरित करना है। उन्होंने कहा कि शिक्षा और सशक्तिकरण के माध्यम से बालिकाएं समाज और राष्ट्र निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती हैं।

उद्घाटन समारोह के दौरान विधा भवन और बाल भवन के बच्चों ने रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत कर अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया। कार्यक्रम में उपस्थित अधिकारियों, अभिभावकों और अतिथियों ने बच्चों की प्रस्तुतियों की सराहना की।कार्यक्रम के समापन पर अपर महाप्रबंधक (मानव संसाधन) भास्कर गुप्ता ने अभियान की रूपरेखा और इसके उद्देश्यों पर प्रकाश डालते हुए सभी प्रतिभागियों को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि यह पहल बालिकाओं को आत्मनिर्भर और आत्मविश्वासी बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। भागलपुर से श्यामानंद सिंह की रिपोर्ट