खान सर कोचिंग विवाद: एक बड़े शिक्षक समेत तीन लोग हिरासत में, CCTV फुटेज के आधार पर पुलिस की जांच तेज

Amit Singh
- Advertisements -
Your Brand Here
Limited time offer
Advertise Now →

NEWS PR डेस्क: पटना, 03 जून। राजधानी पटना में चर्चित शिक्षक खान सर की कोचिंग संस्थान ‘ग्लोबल स्टडीज’ पर हुए हमले के मामले में पुलिस ने जांच तेज कर दी है। इस सिलसिले में ज्ञान बिंदु कोचिंग के डायरेक्टर रोशन आनंद समेत अभिषेक और गौरव को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। तीनों से घटना के विभिन्न पहलुओं पर लगातार सवाल-जवाब किए जा रहे हैं। पुलिस उन्हें पूछताछ के लिए दीघा थाना लेकर गई है।

मामले ने उस समय तूल पकड़ लिया जब खान सर ने ज्ञान बिंदु कोचिंग के डायरेक्टर और कुछ कर्मचारियों पर हमले की साजिश रचने का आरोप लगाया। उनके अनुसार हमलावरों ने कोचिंग परिसर में घुसकर तोड़फोड़ की, पोस्टर फाड़े और सुरक्षा गार्ड के साथ मारपीट की।

पुलिस को घटना स्थल से जुड़े CCTV फुटेज भी मिले हैं। फुटेज में कुछ लोगों को हंगामा करते और सुरक्षा गार्ड के साथ मारपीट करते हुए देखा गया है। इन्हीं वीडियो के आधार पर पुलिस जांच को आगे बढ़ा रही है। साथ ही आसपास लगे अन्य कैमरों की रिकॉर्डिंग भी खंगाली जा रही है ताकि घटना की पूरी तस्वीर सामने आ सके।

- Advertisements -
Your Brand Here
Limited time offer
Advertise Now →

हमले में घायल सुरक्षा गार्ड को गंभीर चोटें आई हैं। खान सर का दावा है कि हमलावरों ने गार्ड का सिर फोड़ दिया, जिसके बाद उसे इलाज के लिए पीएमसीएच में भर्ती कराया गया। अस्पताल में उसका उपचार जारी है।

घटना के बाद गोलीबारी को लेकर भी चर्चा हुई थी। शुरुआती प्रतिक्रिया में खान सर ने 8 से 10 राउंड फायरिंग होने की बात कही थी, लेकिन बाद में उन्होंने स्पष्ट किया कि तनावपूर्ण माहौल में उन्हें स्थिति सही तरीके से समझ नहीं आई थी। उनकी ओर से दर्ज कराई गई प्राथमिकी में भी फायरिंग का कोई उल्लेख नहीं है। पुलिस ने भी अब तक गोली चलने की पुष्टि नहीं की है।

घटना के बाद एहतियातन बुधवार को खान सर की कोचिंग बंद रही। खान सर ने कहा कि मौजूदा परिस्थितियों में सामान्य रूप से कक्षाएं संचालित करना संभव नहीं है। वहीं सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी चिंता जताई गई है।

इस बीच हमले के विरोध में बड़ी संख्या में छात्र सड़कों पर उतर आए। प्रदर्शन कर रहे छात्रों ने दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई और खान सर की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की। पटना पुलिस का कहना है कि मामले की निष्पक्ष जांच की जा रही है और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

- Advertisements -
Your Brand Here
Limited time offer
Advertise Now →
Share This Article