JEE Advanced 2026 में ब्रिटिश स्कूल गुरुकुल का शानदार प्रदर्शन, 18 छात्रों ने पाई सफलता

JEE Advanced में गया के छात्रों का जलवा, ब्रिटिश स्कूल गुरुकुल ने फिर मनवाया लोहा

Rashmi Tiwari

गया: शहर के प्रतिष्ठित शैक्षणिक संस्थानों में शुमार ब्रिटिश स्कूल गुरुकुल ने एक बार फिर बड़ी उपलब्धि हासिल की है। JEE Advanced 2026 में संस्थान के 18 छात्रों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 90 प्रतिशत से अधिक परसेंटाइल प्राप्त किया है। कुल 56 छात्रों ने परीक्षा में हिस्सा लिया था, जिनमें से 18 छात्रों ने सफलता हासिल कर संस्थान का नाम रोशन किया।


AIR 1 लाने वाले शुभम कुमार बने चर्चा का विषय
संस्थान के छात्र शुभम कुमार ने ऑल इंडिया रैंक (AIR 1) हासिल कर पूरे क्षेत्र में गौरव बढ़ाया है। हालांकि, वे वर्तमान में कोटा में विशेष क्लास कर रहे हैं, जिसके कारण सम्मान समारोह में शामिल नहीं हो सके। उनकी इस उपलब्धि ने संस्थान और गया जिले को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाई है।
संस्थान में हुआ भव्य सम्मान समारोह
बिसार तालाब, गया स्थित ब्रिटिश स्कूल गुरुकुल के विशाल सभागार में सफल छात्रों के लिए सम्मान समारोह आयोजित किया गया। इस दौरान सफल छात्रों का गर्मजोशी से स्वागत किया गया। कार्यक्रम में छात्रों और फैकल्टी सदस्यों ने केक काटकर जश्न मनाया और एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर खुशी का इजहार किया।


संस्थापक ने बताया सफलता का राज
संस्थान के संस्थापक भीमराज सर ने मीडिया से बातचीत में कहा कि शुभम कुमार के गया लौटने पर विशेष सम्मान समारोह आयोजित किया जाएगा, जिसमें उन्हें और उनके माता-पिता को भी सम्मानित किया जाएगा। उन्होंने बताया कि शुभम की सफलता एक लंबे प्रशिक्षण और अनुशासित पढ़ाई का परिणाम है। उन्होंने कहा कि जब सुपर 30 की शुरुआत हुई थी, तब शुभम वहां दर्शक के रूप में मौजूद थे। बाद में उन्हें विशेष “रैंकर बैच” में शामिल किया गया, जहां सीमित छात्रों के साथ उन्हें पढ़ाया गया।
आईआईटीियन फैकल्टी और विशेष तैयारी का योगदान
भीमराज सर ने बताया कि संस्थान में केवल 12 छात्रों के रैंकर बैच के साथ गहन तैयारी कराई गई। इसमें 10 फैकल्टी सदस्यों में से 5 आईआईटीियन शिक्षक शामिल थे, जिन्होंने छात्रों को विशेष मार्गदर्शन दिया। शुभम कुमार की सफलता से संस्थान, शिक्षकों और छात्रों में उत्साह का माहौल है। यह उपलब्धि न केवल ब्रिटिश स्कूल गुरुकुल के लिए गर्व का विषय है, बल्कि गया जिले के लिए भी एक बड़ी शैक्षणिक उपलब्धि मानी जा रही है।
गया से आशिष कुमार की रिपोर्ट

Share This Article