आवास बोर्ड की खाली जमीन पर बनेंगे नए आवासीय परिसर, इंफ्रास्ट्रक्चर पर सरकार का फोकस : नीतीश मिश्रा

Amit Singh

NEWS PR डेस्क: पटना, 05 जून। बिहार में शहरी विकास और आवासीय सुविधाओं को नई दिशा देने की तैयारी शुरू हो गई है। नगर विकास एवं आवास विभाग अब बिहार राज्य आवास बोर्ड की वर्षों से खाली पड़ी जमीन का बेहतर उपयोग कर नए आवासीय परिसरों का निर्माण करेगा। इस संबंध में गुरुवार को मंत्री नीतीश मिश्रा ने नेशनल बिल्डिंग्स कंस्ट्रक्शन कॉर्पोरेशन लिमिटेड (NBCC) के अधिकारियों के साथ महत्वपूर्ण बैठक की।

बैठक में नगर विकास एवं आवास विभाग के प्रधान सचिव विनय कुमार, बिहार राज्य आवास बोर्ड के एमडी निलेश देवरे तथा NBCC (इंडिया) लिमिटेड के अध्यक्ष एवं प्रबंध निदेशक डॉ. के. पी. महादेवास्वामी समेत कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।

बैठक के दौरान आवास बोर्ड की रिक्त पड़ी भूमि पर आधुनिक सुविधाओं से युक्त नए आवासीय परिसरों के निर्माण की योजना पर विस्तार से चर्चा की गई। सरकार का उद्देश्य विभिन्न आय वर्गों के लोगों को गुणवत्तापूर्ण और किफायती आवास उपलब्ध कराना है।

मंत्री नीतीश मिश्रा ने कहा कि बिहार सरकार शहरी क्षेत्रों में योजनाबद्ध विकास को बढ़ावा देने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि आधुनिक आवासीय परियोजनाओं और मजबूत आधारभूत संरचना के विकास के जरिए आम नागरिकों को बेहतर जीवन सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।

उन्होंने कहा कि राज्य में तेजी से बढ़ते शहरीकरण को देखते हुए आवासीय और बुनियादी ढांचे के विकास की जरूरत लगातार बढ़ रही है। ऐसे में अनुभवी और प्रतिष्ठित संस्थाओं के सहयोग से गुणवत्तापूर्ण परियोजनाओं को समयबद्ध तरीके से पूरा करना सरकार की प्राथमिकता है।

बैठक में राज्य में संभावित परियोजनाओं के क्रियान्वयन, तकनीकी सहयोग और निवेश से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर भी चर्चा की गई। मंत्री ने कहा कि इन परियोजनाओं के पूरा होने से न केवल लोगों को बेहतर आवासीय सुविधाएं मिलेंगी, बल्कि शहरी क्षेत्रों के समग्र विकास को भी नई गति मिलेगी।

उल्लेखनीय है कि NBCC (इंडिया) लिमिटेड भारत सरकार का एक प्रतिष्ठित नवरत्न सार्वजनिक उपक्रम है, जिसे देशभर में उच्च गुणवत्ता वाली निर्माण और परियोजना प्रबंधन सेवाओं के लिए जाना जाता है।

Share This Article