बिहार में लालू परिवार को लेकर राजनीतिक सरगर्मी चरम पर है। एक ओर पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी को सरकारी बंगला खाली करने का नोटिस और सुरक्षा में कटौती को लेकर विवाद गहराता जा रहा है, वहीं दूसरी ओर सिंगापुर से राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव का एक वीडियो सामने आया है। वीडियो में लालू प्रसाद अपनी बेटी रोहिणी आचार्य के साथ समुद्र किनारे मॉर्निंग वॉक करते नजर आ रहे हैं। ऐसे समय में सामने आया यह वीडियो बिहार की राजनीति में चर्चा का नया केंद्र बन गया है।

राजद प्रमुख लालू प्रसाद यादव इन दिनों स्वास्थ्य संबंधी कारणों से सिंगापुर में हैं। उनकी बेटी रोहिणी आचार्य ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर वीडियो साझा करते हुए भावुक संदेश लिखा। उन्होंने कहा कि पिता का प्रेम उनकी सबसे बड़ी ताकत है और उनके संस्कार उनकी पहचान हैं। वीडियो में लालू प्रसाद सहज और स्वस्थ दिखाई दे रहे हैं।
इधर पटना में सुरक्षा में कटौती के विरोध में राबड़ी देवी ने अपने आवास पर तैनात सुरक्षाकर्मियों को वापस भेज दिया। उनके फैसले के कुछ ही समय बाद नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने भी अपनी वाई-प्लस (Y+) सुरक्षा लौटाने का ऐलान कर दिया। राजद इसे राजनीतिक प्रतिशोध की कार्रवाई बता रहा है।

रोहिणी आचार्य ने भी सुरक्षा कटौती को लेकर सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने सोशल मीडिया पर लिखा कि सुरक्षा कवर में कटौती के बाद दिखावटी सुरक्षा बनाए रखने का कोई मतलब नहीं रह जाता। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार का यह फैसला लालू प्रसाद, राबड़ी देवी और उनके परिवार को नुकसान पहुंचाने की मंशा से लिया गया है।रोहिणी ने दावा किया कि बिहार की करोड़ों जनता ही लालू परिवार का असली सुरक्षा कवच है। उन्होंने यह भी कहा कि यदि परिवार के किसी सदस्य को किसी प्रकार की क्षति पहुंचती है तो इसके लिए राज्य सरकार जिम्मेदार होगी। बता दें कि बंगला विवाद, सुरक्षा में कटौती और सिंगापुर से सामने आए लालू प्रसाद के वीडियो ने बिहार की राजनीति में नए सिरे से बहस छेड़ दी है।