रोहतास जिले के संझौली थाना क्षेत्र अंतर्गत तिलई गांव स्थित मुसहर टोली में रविवार को अवैध शराब के खिलाफ छापेमारी के दौरान पुलिस टीम पर हमला हो गया। कार्रवाई के दौरान कुछ कथित शराब कारोबारियों और उनके समर्थकों ने पुलिस टीम पर पथराव कर दिया, जिसमें एक सब इंस्पेक्टर घायल हो गए। घायल पुलिस अधिकारी को इलाज के लिए संझौली सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया है। घटना के बाद इलाके में तनाव की स्थिति उत्पन्न हो गई।

अवैध शराब की सूचना पर पहुंची थी पुलिस
जानकारी के अनुसार, पुलिस को तिलई गांव के मुसहर टोली में अवैध शराब निर्माण और बिक्री की गुप्त सूचना मिली थी। सूचना के सत्यापन के बाद पुलिस टीम मौके पर छापेमारी के लिए पहुंची थी। छापेमारी के दौरान गांव में अफरातफरी मच गई और कुछ लोग मौके से भागने लगे।
हिरासत के दौरान बढ़ा विवाद, शुरू हुआ पथराव
बताया जाता है कि पुलिस ने पूछताछ के लिए एक महिला को हिरासत में लिया था। इसी दौरान वहां मौजूद कुछ कथित शराब कारोबारी और उनके समर्थक आक्रोशित हो गए और स्थिति अचानक तनावपूर्ण हो गई। देखते ही देखते असामाजिक तत्वों ने पुलिस टीम पर पथराव शुरू कर दिया, जिसमें सब इंस्पेक्टर अशोक कुमार घायल हो गए।

महिला को छोड़ा, बाद में हुई कार्रवाई
स्थानीय विरोध और हालात को देखते हुए पुलिस ने हिरासत में ली गई महिला को छोड़ दिया और टीम वापस लौट गई। हालांकि कुछ समय बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए पुलिस कार्य में बाधा डालने के आरोप में दो लोगों को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने की घटना की पुष्टि
संझौली थाना अध्यक्ष पूनम कुमारी ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि छापेमारी के दौरान एक सब इंस्पेक्टर घायल हुए हैं, जिनका अस्पताल में इलाज कराया गया है। उन्होंने बताया कि मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है और आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल बना हुआ है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और अन्य आरोपियों की पहचान की जा रही है। रोहतास से दिवाकर तिवारी की रिपोर्ट
