दिनदहाड़े गोलियों की तड़तड़ाहट से दहला हथियार गांव, बाल-बाल बचा युवक, इलाके में दहशत

बोधगया में दिनदहाड़े फायरिंग: युवक को निशाना बनाकर चलाईं 6 गोलियां

Rashmi Tiwari

NEWS PR डेस्क:NEWS PR डेस्क:बोधगया थाना क्षेत्र के हथियार गांव में मंगलवार को दिनदहाड़े हुई ताबड़तोड़ फायरिंग से पूरे इलाके में दहशत फैल गई। अज्ञात बदमाशों ने गांव निवासी रामपुकार चौधरी के पुत्र मुकेश कुमार को निशाना बनाते हुए करीब छह राउंड गोलियां चलाईं। हालांकि इस हमले में मुकेश कुमार बाल-बाल बच गए और किसी तरह की जनहानि नहीं हुई।घटना के बाद गांव में अफरा-तफरी मच गई और लोग अपनी जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे।


चारपहिया वाहन से आए थे हमलावर
ग्रामीणों के अनुसार, एक चारपहिया वाहन में सवार होकर करीब पांच हथियारबंद अपराधी गांव पहुंचे थे। वाहन रुकते ही उन्होंने मुकेश कुमार को देखते ही फायरिंग शुरू कर दी और लगातार गोलियां चलाते रहे। वारदात को अंजाम देने के बाद सभी अपराधी मौके से फरार हो गए।


सबूत मिटाने की भी कोशिश
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, फायरिंग के बाद एक अपराधी वाहन से उतरकर जमीन पर गिरे गोली के खोखे (कारतूस) भी उठाता दिखा, जिससे यह आशंका जताई जा रही है कि आरोपी सबूत मिटाने की कोशिश कर रहे थे।सूचना मिलते ही बोधगया थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस ने आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगालने की प्रक्रिया शुरू कर दी है और अपराधियों की पहचान व गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है।घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल है, जिसके चलते पुलिस ने एहतियातन गश्त बढ़ा दी है। गया से आशिष कुमार की रिपोर्ट

Share This Article