NEWS PR डेस्क: बिहार सरकार राज्य के बीपीएल परिवारों के लिए एक महत्वाकांक्षी योजना शुरू करने जा रही है। ‘सूर्य घर योजना’ के तहत पात्र गरीब परिवारों के घरों पर मुफ्त सोलर पैनल लगाए जाएंगे। सूत्रों के अनुसार योजना का औपचारिक शुभारंभ 14 जून को किया जा सकता है। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी इसके शुभारंभ की घोषणा कर सकते हैं।

सरकार ने योजना के क्रियान्वयन की तैयारियां लगभग पूरी कर ली हैं। जिलों में एजेंसियों का चयन भी किया जा चुका है। योजना के तहत चयनित परिवारों के घरों पर 1.1 केवीए क्षमता के सोलर पैनल लगाए जाएंगे। इसके लिए लाभार्थियों को किसी प्रकार का खर्च नहीं उठाना होगा, क्योंकि पूरा खर्च राज्य सरकार वहन करेगी।
सरकार का दावा है कि इस सोलर सिस्टम से प्रत्येक परिवार को हर महीने लगभग 125 यूनिट बिजली उपलब्ध हो सकेगी। इससे घरों में रोशनी, पंखा, टीवी और अन्य आवश्यक उपकरण आसानी से संचालित किए जा सकेंगे।

योजना के पहले चरण में भागलपुर, बांका, पूर्णिया, कटिहार, नालंदा, नवादा, औरंगाबाद तथा अरवल जिलों को शामिल किया गया है। इन जिलों में हजारों बीपीएल परिवारों को लाभ मिलेगा। सबसे अधिक 9,800 परिवार नालंदा जिले में इस योजना से लाभान्वित होंगे।
सरकार ने योजना के क्रियान्वयन की जिम्मेदारी सेन एंड पंडित वोल्टेज प्राइवेट लिमिटेड को सौंपी है। एजेंसी चयनित परिवारों के घरों पर सोलर पैनल लगाने का कार्य करेगी।
सरकार का मानना है कि इस पहल से गरीब परिवारों की पारंपरिक बिजली पर निर्भरता कम होगी और उन्हें नियमित एवं स्वच्छ ऊर्जा का लाभ मिलेगा। साथ ही ग्रामीण क्षेत्रों में जीवन स्तर में सुधार और हरित ऊर्जा को बढ़ावा मिलने की भी उम्मीद है।
