NEWS PR डेस्क: पटना, 11 जून। भारतीय जनता पार्टी बिहार प्रदेश के नव नियुक्त प्रदेश महामंत्री राजेश झा राजू ने बुधवार को भाजपा प्रदेश कार्यालय में वैदिक मंत्रोच्चार, पूजा-अर्चना और हवन के साथ विधिवत अपना पदभार ग्रहण किया। इस अवसर पर पार्टी के कई वरिष्ठ नेता, प्रदेश पदाधिकारी और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे। सभी ने उन्हें नई जिम्मेदारी के लिए शुभकामनाएं दीं।
पदभार ग्रहण के बाद राजेश झा राजू ने कहा कि पार्टी ने जिस विश्वास के साथ उन्हें यह जिम्मेदारी सौंपी है, उसका वह पूरी निष्ठा, ईमानदारी और समर्पण के साथ निर्वहन करेंगे। उन्होंने कहा कि भाजपा कार्यकर्ताओं की पार्टी है और संगठन को और मजबूत बनाने के लिए सभी कार्यकर्ताओं को साथ लेकर आगे बढ़ना उनकी प्राथमिकता होगी।
उन्होंने कहा कि आगामी राजनीतिक और संगठनात्मक कार्यक्रमों को सफल बनाने के लिए प्रदेशभर में व्यापक स्तर पर संवाद और समन्वय स्थापित किया जाएगा। साथ ही पार्टी की नीतियों और उपलब्धियों को आम जनता तक प्रभावी ढंग से पहुंचाने का काम किया जाएगा।

राजेश झा ने कहा कि बिहार में भाजपा संगठन लगातार मजबूत हो रहा है और कार्यकर्ताओं की मेहनत के दम पर पार्टी नई ऊंचाइयों को हासिल कर रही है। उन्होंने विश्वास जताया कि प्रदेश नेतृत्व के मार्गदर्शन और कार्यकर्ताओं के सहयोग से संगठन को और अधिक सशक्त बनाया जाएगा।
इस दौरान उपस्थित नेताओं और कार्यकर्ताओं ने नव नियुक्त महामंत्री का स्वागत करते हुए उनके सफल कार्यकाल की कामना की।
