NEWS PR डेस्क: पटना/नवादा, 13 जून। बिहार में भ्रष्टाचार के खिलाफ निगरानी अन्वेषण ब्यूरो ने बड़ी कार्रवाई करते हुए नवादा सदर अंचल कार्यालय में पदस्थापित राजस्व कर्मचारी सुजीत कुमार को 15 हजार रुपये रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। गिरफ्तारी नवादा सदर अस्पताल के सामने सड़क किनारे की गई। आरोपी पर जमीन के परिमार्जन के एवज में रिश्वत मांगने का आरोप था।
जानकारी के अनुसार, नवादा जिले के धधौली निवासी शंकर पासवान ने निगरानी अन्वेषण ब्यूरो, पटना में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में कहा गया था कि राजस्व कर्मचारी सुजीत कुमार जमीन परिमार्जन के काम के लिए रिश्वत की मांग कर रहे हैं। ब्यूरो ने शिकायत का सत्यापन कराया, जिसमें आरोप सही पाए गए।

इसके बाद निगरानी थाना कांड संख्या-072/26 दर्ज कर पुलिस उपाधीक्षक नरेन्द्र कुमार के नेतृत्व में विशेष धावादल का गठन किया गया। टीम ने जाल बिछाकर आरोपी को 15 हजार रुपये रिश्वत लेते हुए गिरफ्तार कर लिया। निगरानी ब्यूरो के अधिकारियों ने बताया कि आरोपी से पूछताछ की जा रही है और उसे विशेष न्यायालय, निगरानी, पटना में पेश किया जाएगा।
निगरानी अन्वेषण ब्यूरो ने कहा है कि मामले में आगे की जांच जारी है और भ्रष्टाचार के खिलाफ कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।
