NEWS PR डेस्क: पश्चिम चंपारण जिले के बेतिया अंचल कार्यालय में भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई सामने आई है। निगरानी विभाग की टीम ने आरटीपीएस काउंटर पर कार्यरत क्लर्क राज कुमार मिश्रा को 15 हजार रुपये रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। इस कार्रवाई के बाद पूरे कार्यालय में हड़कंप मच गया।

शिकायत के बाद बिछाया गया जाल
शिकायतकर्ता बालेश्वर कुमार ने आरोप लगाया था कि उनकी जमीन की जमाबंदी लॉक थी, जिसे अनलॉक कराने के बदले क्लर्क द्वारा लगातार 15 हजार रुपये की मांग की जा रही थी। आरोप है कि कार्य को लेकर उन पर लगातार दबाव बनाया जा रहा था। रिश्वत की मांग से परेशान होकर बालेश्वर कुमार ने इसकी शिकायत निगरानी विभाग से की। शिकायत की सत्यापन प्रक्रिया पूरी होने के बाद विभाग ने कार्रवाई की योजना बनाई।
रंगे हाथ गिरफ्तार
योजनाबद्ध तरीके से निगरानी टीम ने बुधवार को बेतिया अंचल कार्यालय में जाल बिछाया। इसी दौरान क्लर्क को 15 हजार रुपये लेते हुए रंगे हाथ पकड़ लिया गया। गिरफ्तारी के बाद आरोपी को पूछताछ के लिए अपने साथ ले जाया गया। गिरफ्तार क्लर्क राज कुमार मिश्रा, चनपटिया थाना क्षेत्र के पकड़िहार गांव के निवासी बताए जाते हैं। बताया जा रहा है कि वह पिछले करीब पांच वर्षों से एक ही स्थान पर कार्यरत थे।
निगरानी विभाग का बयान
निगरानी डीएसपी श्याम बाबू प्रसाद ने कार्रवाई की पुष्टि करते हुए बताया कि शिकायत की जांच के बाद यह कार्रवाई की गई है। उन्होंने कहा कि आरोपी को रिश्वत की राशि के साथ गिरफ्तार किया गया है और आगे की कानूनी प्रक्रिया जारी है। निगरानी विभाग की इस कार्रवाई को भ्रष्टाचार के खिलाफ एक बड़ी सफलता माना जा रहा है। इस घटना के बाद स्थानीय स्तर पर प्रशासनिक व्यवस्था पर भी सवाल उठने लगे हैं। पश्चिम चंपारण से मोहम्मद इम्तियाज की रिपोर्ट
