NEWS PR डेस्क: सुपौल जिले में प्रेम संबंध, कथित शादी और दहेज मांग से जुड़ा एक मामला चर्चा का विषय बना हुआ है। सिमराही नगर पंचायत स्थित एसबीआई शाखा के क्रेडिट कार्ड विभाग में कार्यरत एक युवती ने एक युवक पर शादी का झांसा देकर चार वर्षों तक मानसिक, आर्थिक और भावनात्मक शोषण करने का गंभीर आरोप लगाया है। पीड़िता ने न्याय की गुहार लगाते हुए न्यायालय की शरण ली है।
प्रेम संबंध के बाद शादी का भरोसा देने का आरोप
पीड़िता का आरोप है कि मोतीपुर पंचायत के बेरदह गांव निवासी फुलेश्वर कुमार यादव ने उसे प्रेम संबंध में बांधा और शादी का भरोसा देकर लंबे समय तक संबंध बनाए रखा। युवती का कहना है कि जब उसने विवाह को लेकर दबाव बनाया तो आरोपी उसे झारखंड के देवघर स्थित मंदिर ले गया, जहां कथित तौर पर शादी की रस्में पूरी कराई गईं।
दहेज मांगने का आरोप
युवती के अनुसार, कथित शादी के बाद जब उसने आरोपी से अपने घर ले जाने और वैवाहिक जीवन शुरू करने की बात कही, तब आरोपी और उसके परिजनों की ओर से दहेज की मांग की जाने लगी। पीड़िता का कहना है कि उसके परिवार की आर्थिक स्थिति कमजोर होने के कारण वे यह मांग पूरी नहीं कर सके।
नकदी, जेवर और दस्तावेज लेकर फरार होने का दावा
पीड़िता ने आरोप लगाया है कि आरोपी उसके करीब एक लाख रुपये नकद, जेवरात और महत्वपूर्ण दस्तावेज अपने साथ लेकर चला गया। इसके बाद उसने संपर्क कम कर दिया और अब उसे पत्नी के रूप में स्वीकार करने से भी इनकार कर रहा है। चार वर्षों तक कथित रूप से मानसिक, आर्थिक और भावनात्मक प्रताड़ना झेलने के बाद युवती ने न्यायालय का दरवाजा खटखटाया है। उसने आरोपी के खिलाफ कानूनी कार्रवाई और न्याय की मांग की है।
आरोपी पक्ष की प्रतिक्रिया का इंतजार
मामले के सामने आने के बाद इलाके में तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं। हालांकि आरोपी पक्ष की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। फिलहाल मामला न्यायालय के विचाराधीन है और आगे की कानूनी प्रक्रिया पर सभी की नजरें टिकी हुई हैं। सुपौल से मो. अल्ताफ राजा की रिपोर्ट
शादी का झांसा देकर चार साल तक शोषण का आरोप, युवती ने कोर्ट का दरवाजा खटखटाया