एफआईआर के बाद तेज प्रताप का पलटवार, कहा- झूठ और साजिश के आगे नहीं झुकूंगा

धमकी के आरोप से घिरे तेज प्रताप, बोले- कानून और न्यायपालिका पर पूरा भरोसा

Rashmi Tiwari

जेजेडी अध्‍यक्ष तेज प्रताप यादव की मुश्किलें बढ़ती दिखाई दे रही हैं। छात्र राजद के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष आकाश यादव को कथित धमकी देने के मामले में पटना के पाटलिपुत्र थाने में कोर्ट के निर्देश पर प्राथमिकी दर्ज की गई है। इस मामले में तेज प्रताप यादव के साथ उनके करीबी सहयोगी मोतीलाल यादव को भी नामजद किया गया है।


एफआईआर दर्ज होने के बाद तेज प्रताप यादव ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर विस्तृत प्रतिक्रिया देते हुए आरोपों को पूरी तरह निराधार, मनगढ़ंत और राजनीतिक दुर्भावना से प्रेरित बताया। उन्होंने कहा कि जिस व्यक्ति को उसके कथित अभद्र, अपमानजनक और धमकीपूर्ण व्यवहार को लेकर कानूनी नोटिस भेजा गया था, उसी ने प्रतिशोध की भावना से उनके खिलाफ झूठा मामला दर्ज कराने की कोशिश की है।


तेज प्रताप यादव ने इसे उनकी सार्वजनिक छवि और वर्षों से अर्जित जनविश्वास को नुकसान पहुंचाने की साजिश बताते हुए कहा कि वह हमेशा कानून, लोकतांत्रिक मूल्यों और संवैधानिक संस्थाओं का सम्मान करते आए हैं। हालांकि उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि उनकी विनम्रता और जनसुलभता को कोई कमजोरी समझने की भूल नहीं करे।
उन्होंने कहा कि सार्वजनिक जीवन में होने का अर्थ यह नहीं है कि वह झूठे आरोपों, चरित्रहनन और कानून के दुरुपयोग को चुपचाप स्वीकार कर लेंगे। तेज प्रताप ने न्यायपालिका और कानून व्यवस्था पर भरोसा जताते हुए कहा कि सच्चाई तथ्यों और साक्ष्यों के आधार पर सामने आएगी। साथ ही उन्होंने अपनी प्रतिष्ठा को नुकसान पहुंचाने वालों के खिलाफ उपलब्ध सभी कानूनी विकल्पों का उपयोग करने की बात कही।


अपनी पोस्ट के अंत में तेज प्रताप यादव ने कहा कि वह किसी भी दबाव में आने वाले नहीं हैं और न ही झूठे आरोपों या दुष्प्रचार से विचलित होंगे। उन्होंने दोहराया कि उनकी प्रतिबद्धता सत्य, न्याय और जनता के विश्वास के प्रति है तथा वह किसी भी साजिश या भय के आगे झुकने वाले नहीं हैं।


वहीं, प्राथमिकी दर्ज कराने वाले आकाश यादव का आरोप है कि पूर्व मंत्री तेज प्रताप यादव अपने सहयोगी मोतीलाल यादव के साथ उनके पाटलिपुत्र स्थित आवास पर पहुंचे थे। उस समय वह खाटूश्याम की यात्रा पर गए हुए थे। आरोप है कि दोनों ने जबरन घर में प्रवेश करने का प्रयास किया और परिवार के सदस्यों को गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी दी।
मामले पर प्रतिक्रिया देते हुए पुलिस अधिकारियों ने कहा है कि शिकायत के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है और जांच जारी है। दिव्यांजली जायसवाल ने एफआईआर की पुष्टि करते हुए बताया कि पुलिस मामले के सभी पहलुओं की गहनता से जांच कर रही है।

Share This Article