NEWS PR डेस्क: पटना, 09 जून। बिहार विधान परिषद की 10 सीटों के लिए नामांकन प्रक्रिया पूरी होने के साथ ही उम्मीदवारों के चुनावी हलफनामों ने उनकी आर्थिक स्थिति, संपत्ति और व्यक्तिगत जीवन से जुड़ी कई दिलचस्प जानकारियां सार्वजनिक कर दी हैं। किसी उम्मीदवार के पास करोड़ों रुपये की संपत्ति है तो कोई बेहद सीमित संसाधनों के साथ राजनीति के सफर में आगे बढ़ रहा है।
सबसे अधिक चर्चा भाजपा उम्मीदवार और भोजपुरी फिल्मों के लोकप्रिय अभिनेता पवन सिंह की संपत्ति को लेकर हो रही है। शपथपत्र के अनुसार उनके पास नकद केवल 50 हजार रुपये हैं, लेकिन चल और अचल संपत्तियों को मिलाकर उनकी कुल संपत्ति करीब 20 करोड़ रुपये है। इसके अलावा लगभग 70 लाख रुपये मूल्य के सोने के आभूषण भी उनके पास हैं। हलफनामे में एक रोचक तथ्य यह भी सामने आया कि उन्होंने पत्नी ज्योति सिंह से संबंधित सभी विवरणों के स्थान पर “नॉट नोन” दर्ज किया है। पवन सिंह ने अपनी शैक्षणिक योग्यता मैट्रिक पास बताई है।
वहीं महागठबंधन समर्थित राजद उम्मीदवार और बिस्कोमान अध्यक्ष डॉ. सुनील कुमार सिंह भी अपने हलफनामे को लेकर चर्चा में हैं। पीएचडी डिग्रीधारी डॉ. सिंह के पास 6.46 करोड़ रुपये की चल संपत्ति और 4.41 करोड़ रुपये की अचल संपत्ति है। उनके शपथपत्र में एक डीबीबीएल गन और रिवॉल्वर का भी उल्लेख है। वाहन सूची में मारुति एस्टीम और हुंडई की कारें शामिल हैं।

जेडीयू उम्मीदवार निशांत ने अपनी कुल संपत्ति 4.63 करोड़ रुपये बताई है। इसमें विरासत और स्वयं अर्जित दोनों प्रकार की संपत्तियां शामिल हैं। उनके पास पटना और नालंदा में जमीन तथा फ्लैट हैं, जबकि वाहन के रूप में हुंडई और किया की कारें दर्ज हैं।
भाजपा के वरिष्ठ नेता डॉ. संजय मयूख तीसरी बार विधान परिषद पहुंचने की तैयारी में हैं। वहीं पार्टी ने सामाजिक संतुलन साधते हुए अनिल कुमार ठाकुर और शीला पंडित को भी उम्मीदवार बनाया है। जेडीयू ने भारती मेहता और शिवरानी देवी प्रजापति को मौका दिया है।
भारती मेहता के हलफनामे में निवेश और आभूषणों का उल्लेख प्रमुखता से सामने आया है। उनके पास 19 हजार रुपये नकद, 52 लाख रुपये का एफडी, एक इनोवा कार, कृषि और आवासीय भूमि के अलावा 620 ग्राम सोना, 750 ग्राम चांदी तथा डिजिटल गोल्ड में निवेश है। उन्होंने हीरे और बहुमूल्य रत्नों की भी जानकारी दी है।
दूसरी ओर जेडीयू के वरिष्ठ नेता ललन प्रसाद का हलफनामा सादगी की तस्वीर पेश करता है। उनके पास वर्ष 2007 में खरीदी गई एक मोटरसाइकिल है। कुल चल संपत्ति 5.60 लाख रुपये और विरासत में मिली कृषि भूमि के रूप में 14.90 लाख रुपये की अचल संपत्ति दर्ज है। आभूषणों में एक सोने की अंगूठी समेत करीब एक लाख रुपये की संपत्ति का उल्लेख किया गया है।
लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के उम्मीदवार अशरफ अंसारी भी मैदान में हैं। दिलचस्प बात यह है कि विधान परिषद की 10 सीटों के लिए केवल 10 नामांकन ही दाखिल हुए हैं। ऐसे में सभी प्रत्याशियों का निर्विरोध निर्वाचन तय माना जा रहा है और मतदान की आवश्यकता नहीं पड़ेगी।
