NEWS PR डेस्क: भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी का एक खास वीडियो साझा किया है, जिसने क्रिकेट प्रशंसकों को भावुक कर दिया है। वीडियो में पहली बार वैभव सूर्यवंशी टीम इंडिया की आधिकारिक नीली जर्सी पहने नजर आ रहे हैं। इस वीडियो के साथ बीसीसीआई ने लिखा, “देश को जिस पल का इंतजार था, वह पल आखिरकार आ चुका है।”
वीडियो की शुरुआत एक कमरे के दरवाजे से होती है, जिस पर वैभव सूर्यवंशी का नाम लिखा दिखाई देता है। जैसे ही दरवाजा खुलता है, वैभव भारतीय टीम की जर्सी में सामने आते हैं। यह पल उनके क्रिकेट करियर के सबसे यादगार क्षणों में से एक माना जा रहा है।
टीम इंडिया की जर्सी पहनने के अनुभव को साझा करते हुए वैभव ने कहा, “इस एक मुकाम को हासिल करने के लिए ही मैंने अपने जीवन के पहले दिन हाथ में बल्ला थामा था और कड़े अभ्यास के लिए मैदान पर जाना शुरू किया था। मेरा वह सबसे बड़ा सपना आज पूरी तरह सच हो गया है। मैं इसे अपनी पूरी क्रिकेट यात्रा का अब तक का सबसे बड़ा और महत्वपूर्ण कदम मानता हूं।”

अपनी भावनाओं को व्यक्त करते हुए उन्होंने आगे कहा कि इस पल को शब्दों में बयां करना आसान नहीं है। वैभव ने कहा, “जब मैंने जर्सी को देखा, तो मैं अपनी खुशी को रोक नहीं पा रहा था। यह सब कुछ मुझे एक खूबसूरत सपने जैसा लग रहा था। जीवन में कभी-कभी ऐसा सचमुच होता है कि जिस चीज के बारे में आपने सोचा भी नहीं हो, वह अचानक आपके सामने हकीकत बनकर आ जाती है।”
युवा बल्लेबाज का यह वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। क्रिकेट प्रेमी और प्रशंसक उन्हें टीम इंडिया की जर्सी में देखकर बधाई दे रहे हैं। कम उम्र में भारतीय क्रिकेट के बड़े मंच तक पहुंचने वाले वैभव सूर्यवंशी की यह उपलब्धि युवा खिलाड़ियों के लिए प्रेरणा का स्रोत बन गई है।
