JDU में घमासान! अनंत सिंह के तेवर पर संजय झा का बड़ा बयान, बोले- ललन बाबू ने पार्टी हित में किया काम

Rashmi Tiwari

NEWS PR डेस्क : बिहार विधान परिषद चुनाव के बीच जनता दल यूनाइटेड (JDU) में चल रही अंदरूनी खींचतान ने पार्टी की सियासत को गरमा दिया है। पार्टी के विधायक अनंत सिंह ने अपनी ही पार्टी के MLC प्रत्याशी नीरज सिंह के खिलाफ मोर्चा खोल रखा है। ऐसे में पार्टी नेतृत्व के सामने इस विवाद को शांत कराने की चुनौती खड़ी हो गई है।

मामले को सुलझाने के लिए केंद्रीय मंत्री और JDU के वरिष्ठ नेता ललन सिंह ने सोमवार को अनंत सिंह से बातचीत की। अब इस पूरे विवाद पर पार्टी के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष संजय झा का बयान सामने आया है। संजय झा ने JDU के भीतर चल रहे विवाद और ललन सिंह की अनंत सिंह से बातचीत पर कहा कि “ललन बाबू ने जो किया, वह पार्टी के बेस्ट इंटरेस्ट में किया है। बस अभी इतना ही है।”

दरअसल, ललन सिंह ने नीतीश कुमार से मुलाकात के बाद अनंत सिंह से फोन पर बातचीत की थी। बातचीत के बाद उन्होंने कहा था कि अनंत सिंह की कुछ शिकायतें हैं और “ताली एक हाथ से नहीं बजती।” ललन सिंह के मुताबिक, जब नीतीश कुमार की सरकार संकट में थी और सरकार गिरने की स्थिति बन रही थी, तब अनंत सिंह ने JDU का साथ दिया था और सरकार बचाने में भूमिका निभाई थी। लेकिन बाद में जब नीतीश कुमार के कहने पर अनंत सिंह ने चुनाव लड़ा, तो उनके खिलाफ ही काम किया गया।
ललन सिंह ने यह भी कहा कि अगर किसी तरफ से कार्रवाई होती है, तो स्वाभाविक तौर पर उसकी प्रतिक्रिया भी सामने आती है। उनके मुताबिक, अनंत सिंह की नाराजगी के पीछे कुछ पुराने मुद्दे हैं। उन्होंने बताया कि JDU के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष संजय झा ने उन्हें फोन किया था, जिसके बाद उन्होंने अनंत सिंह से बातचीत की। ललन सिंह ने अनंत सिंह से अनुरोध किया कि वे अब इस मामले में कोई सार्वजनिक बयान न दें। अनंत सिंह ने इस पर सहमति जताते हुए कहा कि वह आगे कोई सार्वजनिक बयान नहीं देंगे।

अब संजय झा के बयान के बाद माना जा रहा है कि JDU नेतृत्व इस विवाद को फिलहाल सार्वजनिक तौर पर बढ़ने से रोकने की कोशिश में जुटा है। हालांकि, विधान परिषद चुनाव के बीच पार्टी के भीतर उठे इस विवाद का चुनावी असर कितना पड़ेगा, इस पर सबकी नजर बनी हुई है।

Share This Article