मोतिहारी: चोरी के आरोप में युवक की भीड़ ने की पिटाई, वायरल वीडियो पर पुलिस ने शुरू की जांच

वायरल वीडियो के बाद हरकत में आई पुलिस, कानून हाथ में लेने वालों पर कार्रवाई की तैयारी

Rashmi Tiwari
- Advertisements -
Your Brand Here
Limited time offer
Advertise Now →

NEWS PR डेस्क:पूर्वी चंपारण (मोतिहारी) जिले से कानून-व्यवस्था को चुनौती देने वाली एक गंभीर घटना सामने आई है। पताही थाना क्षेत्र के परसौनी कपूर गांव में चोरी के आरोप में एक युवक को ग्रामीणों द्वारा बंधक बनाकर बेरहमी से पीटने का मामला प्रकाश में आया है। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस प्रशासन हरकत में आ गया है।

क्या है पूरा मामला?
जानकारी के अनुसार, परसौनी कपूर गांव निवासी शुभम कुमार पर देर रात घुसुकपुर टोला स्थित एक घर में चोरी की नीयत से घुसने का आरोप लगाया गया। ग्रामीणों का कहना है कि घरवालों और स्थानीय लोगों ने उसे मौके पर पकड़ लिया। आरोप है कि युवक को पुलिस के हवाले करने के बजाय कुछ लोगों ने उसके हाथ-पैर बांध दिए और उसके साथ मारपीट शुरू कर दी। इस दौरान मौजूद लोगों ने घटना का वीडियो भी बना लिया, जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
वायरल वीडियो में क्या दिख रहा है?
वायरल वीडियो में एक युवक जमीन पर असहाय अवस्था में दिखाई दे रहा है। उसके हाथ-पैर बंधे हुए हैं और वह लोगों से छोड़ देने की गुहार लगाता नजर आ रहा है। वहीं कुछ लोग उसके साथ मारपीट करते दिखाई दे रहे हैं।
हालांकि, वायरल वीडियो की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है।
पुलिस ने लिया संज्ञान
मामले के सामने आते ही जिला पुलिस प्रशासन सक्रिय हो गया है। पकड़ीदयाल डीएसपी कुमार चंदन ने बताया कि वायरल वीडियो के आधार पर पताही थाना पुलिस को तत्काल जांच के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि किसी भी व्यक्ति को कानून अपने हाथ में लेने का अधिकार नहीं है। यदि किसी पर चोरी का आरोप है तो उसे पुलिस के हवाले किया जाना चाहिए था, न कि भीड़ द्वारा सजा दी जानी चाहिए।
आरोपियों की पहचान में जुटी पुलिस
पुलिस वीडियो फुटेज और स्थानीय स्तर पर जुटाई जा रही जानकारी के आधार पर मारपीट में शामिल लोगों की पहचान कर रही है। मामले में नामजद एवं अज्ञात आरोपियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की तैयारी की जा रही है।पुलिस का कहना है कि जांच के बाद दोषियों के विरुद्ध सुसंगत धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।मोतिहारी से संतोष कुमार राउत की रिपोर्ट

- Advertisements -
Your Brand Here
Limited time offer
Advertise Now →
- Advertisements -
Your Brand Here
Limited time offer
Advertise Now →
Share This Article