बगहा में दो पक्षों के बीच बवाल, पुलिस पर पथराव; दो सिपाहियों समेत पांच घायल

रामनगर के जुलाहा टोली में विवाद ने लिया हिंसक रूप, पथराव में पुलिसकर्मी भी घायल; दो गंभीर घायलों को जीएमसीएच बेतिया रेफर किया गया

Rashmi Tiwari
- Advertisements -
Your Brand Here
Limited time offer
Advertise Now →

NEWS PR डेस्क: पश्चिम चंपारण: जिले के रामनगर नगर परिषद स्थित जुलाहा टोली में रविवार को दो पक्षों के बीच हुआ विवाद हिंसक झड़प में बदल गया। देखते ही देखते दोनों ओर से जमकर ईंट-पत्थर चलने लगे। हालात को नियंत्रित करने पहुंची पुलिस टीम भी पथराव की चपेट में आ गई, जिसमें दो पुलिसकर्मियों समेत पांच लोग घायल हो गए। घटना के बाद इलाके में भारी पुलिस बल की तैनाती कर दी गई है।


मामूली विवाद ने लिया हिंसक रूप
जानकारी के अनुसार, रामनगर नगर परिषद के वार्ड संख्या-11 स्थित जुलाहा टोली में किसी बात को लेकर दो पक्षों के बीच कहासुनी हुई, जो कुछ ही देर में हिंसक झड़प में बदल गई। दोनों पक्षों की ओर से जमकर पथराव किया गया, जिससे पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
पुलिस टीम पर भी हुआ हमला
घटना की सूचना मिलते ही रामनगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन उग्र भीड़ ने पुलिस पर भी ईंट-पत्थर बरसाने शुरू कर दिए। पथराव में रामनगर थाना में पदस्थापित सिपाही गोपी चंद्र और गणेश कुमार राम घायल हो गए। इसके अलावा तुलसी कुमार, प्रिंस कुमार, राहुल साह और अक्सीर खान भी इस घटना में घायल हुए।
दो घायलों को जीएमसीएच बेतिया किया गया रेफर
सभी घायलों को तत्काल रामनगर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया। चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. डी.एस. आर्या ने बताया कि चार से पांच घायलों का इलाज किया गया, जिनमें दो की हालत गंभीर होने के कारण प्राथमिक उपचार के बाद जीएमसीएच बेतिया रेफर किया गया। वहीं दोनों घायल पुलिसकर्मियों की स्थिति फिलहाल खतरे से बाहर बताई गई है।
एसपी और एसडीपीओ ने संभाला मोर्चा
घटना की सूचना मिलते ही बगहा पुलिस अधीक्षक राजेश कुमार और रामनगर एसडीपीओ रागिनी कुमारी मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। किसी भी अप्रिय घटना की आशंका को देखते हुए इलाके में अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती कर दी गई है।
दोषियों पर होगी सख्त कार्रवाई
रामनगर एसडीपीओ रागिनी कुमारी ने बताया कि दो पक्षों के बीच विवाद की सूचना पर पहुंची पुलिस टीम पर भी पथराव किया गया, जिसमें दो सिपाही घायल हुए हैं। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और उपद्रवियों की पहचान कर उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।पश्चिम चंपारण:से मोहम्मद इम्तियाज की रिपोर्ट

- Advertisements -
Your Brand Here
Limited time offer
Advertise Now →
- Advertisements -
Your Brand Here
Limited time offer
Advertise Now →
Share This Article