सुपौल। जिले के किशनपुर थाना क्षेत्र में खेत की सिंचाई के दौरान हुए एक दर्दनाक हादसे में 30 वर्षीय किसान की करंट लगने से मौत हो गई। इस घटना के बाद परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। मृतक अपने परिवार के इकलौते कमाऊ सदस्य थे और उनके निधन से पत्नी व चार वर्षीय बेटी के सामने गंभीर आर्थिक संकट खड़ा हो गया है।घटना किशनपुर थाना क्षेत्र के सुखासन पंचायत के वार्ड संख्या-05 की है। मृतक की पहचान हरिवल्लव यादव के पुत्र सुशील कुमार के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, सुशील कुमार अपने खेत में मोटर चलाकर पटवन (सिंचाई) कर रहे थे। इसी दौरान वह विद्युत प्रवाहित तार की चपेट में आ गए और करंट लगने से खेत में ही बेहोश होकर गिर पड़े।आसपास मौजूद ग्रामीणों ने तत्काल बिजली का कनेक्शन काटकर उन्हें इलाज के लिए किशनपुर अस्पताल पहुंचाया, लेकिन देर रात इलाज के दौरान चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।घटना के बाद पत्नी प्रियंका कुमारी, माता-पिता और अन्य परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। ग्रामीणों के अनुसार, सुशील कुमार दो भाइयों में सबसे छोटे थे और पूरे परिवार की जिम्मेदारी उन्हीं के कंधों पर थी। उनके निधन से चार वर्षीय पुत्री पुण्यकृति कुमारी के सिर से पिता का साया उठ गया।मुखिया प्रतिनिधि सुरेश प्रसाद यादव सहित ग्रामीणों ने प्रशासन से पीड़ित परिवार को सरकारी सहायता और उचित मुआवजा देने की मांग की है।वहीं, किशनपुर थानाध्यक्ष ज्ञानरंजन कुमार ने बताया कि प्रथम दृष्टया युवक की मौत विद्युत स्पर्शाघात से हुई है। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया है और मामले की जांच की जा रही है।
Related Stories
Uncover the stories that related to the post!