बख्तियारपुर–ताजपुर पुल परियोजना में निर्माण के दौरान हादसा, CFT मशीन में तकनीकी खराबी से 4 श्रमिक घायल

Amit Singh

NEWS PR डेस्क: पटना, 4 जुलाई। बख्तियारपुर–ताजपुर पुल परियोजना में शनिवार सुबह निर्माण कार्य के दौरान एक तकनीकी हादसा हो गया। पथ निर्माण विभाग के अनुसार, परियोजना के P-38 पिलर पर कार्य के दौरान इस्तेमाल की जा रही CFT मशीन के एक हिस्से में तकनीकी खराबी आ गई, जिससे उसके नीचे लगी ट्रे एक ओर झुक गई। इस घटना में मौके पर कार्यरत चार श्रमिक घायल हो गए।

विभाग की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति में बताया गया कि हादसा सुबह लगभग 9 बजे हुआ। घटना के तुरंत बाद सभी घायल श्रमिकों को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया, जहां उनका समुचित इलाज किया जा रहा है। विभाग ने कहा है कि घायलों के स्वास्थ्य की लगातार निगरानी की जा रही है।

तत्काल शुरू हुई तकनीकी जांच

हादसे के बाद पथ निर्माण विभाग ने संबंधित स्थल पर तत्काल तकनीकी जांच और मरम्मत का कार्य शुरू करा दिया है। विभाग घटना के कारणों का पता लगाने के साथ-साथ मशीन की तकनीकी स्थिति की भी जांच कर रहा है।

श्रमिकों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता: विभाग

पथ निर्माण विभाग ने अपने बयान में कहा कि राज्य सरकार और विभाग के लिए श्रमिकों का जीवन, स्वास्थ्य और सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। विभाग ने भरोसा दिलाया कि परियोजना में सुरक्षा मानकों का पूरी तरह पालन किया जाएगा और निर्माण कार्य की गुणवत्ता से किसी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा।

विभाग ने यह भी दोहराया कि बिहार सरकार बख्तियारपुर–ताजपुर पुल परियोजना के समयबद्ध निर्माण, गुणवत्ता और श्रमिकों की सुरक्षा के प्रति पूरी तरह प्रतिबद्ध है। फिलहाल घटना के कारणों की जांच जारी है।

Share This Article