बांकीपुर उपचुनाव: अभिषेक कुमार के नामांकन के बाद एनडीए की शक्ति प्रदर्शन सभा, मुख्यमंत्री ने कार्यकर्ताओं का बढ़ाया उत्साह

Amit Singh

NEWS PR डेस्क: पटना, 09 जुलाई। बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव के लिए भाजपा उम्मीदवार अभिषेक कुमार के नामांकन के बाद गुरुवार को स्काउट एंड गाइड मैदान में एनडीए की नामांकन सभा आयोजित की गई। सभा में मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, उपमुख्यमंत्री विजय कुमार चौधरी, उपमुख्यमंत्री विजय सिन्हा, राष्ट्रीय लोक मोर्चा के अध्यक्ष उपेंद्र कुशवाहा समेत एनडीए के कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे।

सभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने अभिषेक कुमार को संगठन का समर्पित कार्यकर्ता बताते हुए कहा, “आप देखिए, एक कार्यकर्ता चुनाव लड़ रहा है। मैं भावुक हो रहा हूं। इसी जमीन पर जब कार्यकर्ताओं का सम्मान हो रहा था, तभी नितिन नवीन जी को फोन आया था कि आपको पार्टी का कार्यकारी अध्यक्ष बनाया जा रहा है।” मुख्यमंत्री ने बिना नाम लिए जन सुराज के संस्थापक प्रशांत किशोर पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा, “यहां वे लोग भी वोट मांगने आएंगे, जिन्हें बिहार से कोई मतलब नहीं है।”

उन्होंने कार्यकर्ताओं का उत्साह बढ़ाते हुए कहा कि जिस तरह एनडीए ने बिहार में 202 सीटों पर जीत दर्ज की थी, उसी तरह बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव में भी पार्टी जीत हासिल करेगी। मुख्यमंत्री ने कहा, “आपने देखा है, हमने बिहार को सींचने का काम किया है। हमने घर-घर बिजली पहुंचाई है।”

बिजली योजना का जिक्र करते हुए उन्होंने विपक्ष पर भी तंज कसा। मुख्यमंत्री ने कहा, “हम ऐसे दल हैं कि जब जनता को 125 यूनिट बिजली मुफ्त देते हैं, तो विपक्ष के नेता तेजस्वी यादव को भी बिजली मुफ्त देते हैं।”

नामांकन सभा के दौरान एनडीए नेताओं ने अभिषेक कुमार के पक्ष में एकजुटता का संदेश दिया और कार्यकर्ताओं से चुनाव में पूरी ताकत के साथ जुटने की अपील की।

Share This Article