सुपौल: खेत से लौट रहे किसान की ट्रेलर के पहिए तले दबकर मौत, जांच में जुटी पुलिस

खेत से लौटते समय हुआ दर्दनाक हादसा, ट्रैक्टर बना किसान की मौत का कारण

Rashmi Tiwari
- Advertisements -
Your Brand Here
Limited time offer
Advertise Now →

NEWS PR डेस्क: सुपौल जिले के पिपरा थाना क्षेत्र से एक दर्दनाक हादसे की खबर सामने आई है। दुलारी गांव में खेत से पटुआ (जूट) लेकर जा रहे एक किसान की ट्रैक्टर के ट्रेलर के नीचे दबने से मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद ट्रैक्टर चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया। घटना से गांव में शोक की लहर है, जबकि मृतक के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

मृतक की पहचान दुलारी गांव निवासी 55 वर्षीय राधेश्याम शाह के रूप में हुई है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, राधेश्याम शाह खेत से पटुआ काटकर ट्रैक्टर पर लादकर उसकी बोराई (प्रसंस्करण) के लिए जा रहे थे। इसी दौरान अचानक उनका संतुलन बिगड़ गया और वे ट्रैक्टर से नीचे गिर पड़े। बताया जा रहा है कि नीचे गिरते ही ट्रैक्टर के ट्रेलर का पहिया उनके ऊपर चढ़ गया, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद ट्रैक्टर चालक घटनास्थल से फरार हो गया।
बड़ी संख्या में ग्रामीण घटनास्थल पर जुट गए
घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और राधेश्याम शाह को ट्रेलर के नीचे से बाहर निकाला। हालांकि तब तक उनकी मौत हो चुकी थी। सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण घटनास्थल पर जुट गए और मामले की जानकारी पुलिस को दी गई।
शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया
सूचना पर पिपरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने हादसे की जांच शुरू कर दी है और फरार ट्रैक्टर चालक की तलाश की जा रही है। इस हादसे के बाद मृतक के परिवार में मातम पसरा हुआ है। गांव में भी शोक का माहौल है और स्थानीय लोग पीड़ित परिवार को सांत्वना देने पहुंच रहे हैं।सुपौल से अल्ताफ राजा की रिपोर्ट

- Advertisements -
Your Brand Here
Limited time offer
Advertise Now →
- Advertisements -
Your Brand Here
Limited time offer
Advertise Now →
Share This Article