NEWS PR डेस्क: सुपौल नगर परिषद ने शहरवासियों को सम्मानजनक और आधुनिक अंतिम संस्कार की सुविधा उपलब्ध कराने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल की है। नगर परिषद के मुख्य पार्षद राघवेंद्र झा ‘राघव’ की पहल पर शहर के मुक्तिधाम में अत्याधुनिक विद्युत शवदाह गृह का संचालन शुरू कर दिया गया है। सबसे बड़ी बात यह है कि यहां निशुल्क दाह संस्कार की व्यवस्था की गई है, जिससे विशेष रूप से गरीब और मध्यमवर्गीय परिवारों को आर्थिक राहत मिलेगी।

मुख्य पार्षद राघवेंद्र झा राघव ने बताया कि नगर परिषद की प्राथमिकता शहरवासियों को सम्मानजनक अंतिम विदाई के लिए बेहतर और आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराना है। इसी उद्देश्य से मुक्तिधाम का व्यापक रूप से विकास किया गया है।
आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित हुआ मुक्तिधाम
मुक्तिधाम परिसर में अत्याधुनिक विद्युत शवदाह गृह के अलावा प्रतीक्षालय, पूजा-पाठ के लिए अलग स्थान, स्वच्छ एवं सुंदर पोखर, बैठने की समुचित व्यवस्था और बेहतर साफ-सफाई की सुविधा विकसित की गई है। पूरे परिसर को इस तरह तैयार किया गया है कि यहां आने वाले लोगों को शांत, स्वच्छ और गरिमापूर्ण वातावरण मिल सके।
बदली मुक्तिधाम की तस्वीर
मुख्य पार्षद ने बताया कि पहले लोग दिन के समय भी मुक्तिधाम के आसपास आने से हिचकिचाते थे, लेकिन अब स्थिति पूरी तरह बदल चुकी है। बेहतर प्रकाश व्यवस्था, हरियाली और नियमित साफ-सफाई के कारण अब शाम और रात के समय भी लोग परिसर में बैठकर बातचीत करते दिखाई देते हैं। यह बदलाव नगर परिषद के विकास कार्यों की एक मिसाल बन गया है।
निशुल्क शव वाहन की भी सुविधा
नगरवासियों की सुविधा को देखते हुए नगर परिषद ने निशुल्क शव वाहन की व्यवस्था भी शुरू की है। पहले कई परिवारों को शव को लंबी दूरी तक कंधे पर ले जाना पड़ता था, लेकिन अब शव वाहन उपलब्ध होने से अंतिम यात्रा अधिक सम्मानजनक, सरल और सुविधाजनक हो गई है।
शहर के लिए नई पहचान बना आधुनिक मुक्तिधाम
नगर परिषद द्वारा विकसित यह आधुनिक मुक्तिधाम अब सुपौल की नई पहचान बनता जा रहा है। अत्याधुनिक विद्युत शवदाह गृह, निशुल्क दाह संस्कार, स्वच्छ परिसर, पूजा-पाठ की समुचित व्यवस्था और निशुल्क शव वाहन जैसी सुविधाओं के साथ यह परिसर अंतिम संस्कार की प्रक्रिया को अधिक सम्मानजनक और व्यवस्थित बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।सुपौल से अल्ताफ राजा की रिपोर्ट
