NEWS PR डेस्क: दरभंगा, 11 जुलाई। दरभंगा प्रमंडल के आयुक्त हिमांशु कुमार राय ने शनिवार को प्रमंडल कार्यालय सभागार में पंचायती राज विभाग की विभिन्न योजनाओं और विकास कार्यक्रमों की प्रमंडल स्तरीय समीक्षा बैठक की। बैठक में दरभंगा, मधुबनी और समस्तीपुर के जिला पंचायत राज पदाधिकारी, उप विकास आयुक्त तथा अन्य विभागीय अधिकारी मौजूद रहे।
समीक्षा के दौरान आयुक्त ने पंचायत सरकार भवनों के निर्माण कार्य में तेजी लाने और जिन पंचायतों में निर्माण शुरू नहीं हुआ है, वहां अविलंब कार्य प्रारंभ कराने का निर्देश दिया। उन्होंने उप विकास आयुक्तों को नियमित अनुश्रवण करते हुए सभी निर्माण कार्य निर्धारित समय-सीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूरा कराने को कहा। उन्होंने कहा कि पंचायत सरकार भवन ग्रामीण प्रशासन की महत्वपूर्ण इकाई हैं और इनके माध्यम से आम लोगों को सरकारी सेवाएं प्रभावी ढंग से उपलब्ध कराई जानी चाहिए।
मुख्यमंत्री ग्रामीण सोलर स्ट्रीट लाइट योजना की समीक्षा में आयुक्त ने पंचायतों में स्थापित सोलर लाइटों की नियमित कार्यशीलता सुनिश्चित करने, खराब लाइटों की शीघ्र मरम्मत कराने तथा शेष कार्यों को समयबद्ध तरीके से पूरा करने के निर्देश दिए। साथ ही सभी स्वीकृत योजनाओं का समय पर क्रियान्वयन सुनिश्चित करने पर जोर दिया।

कन्या विवाह मंडप योजना की समीक्षा के दौरान निर्माणाधीन मंडपों का कार्य तेजी से पूरा कर उन्हें जल्द आमजन के उपयोग के लिए उपलब्ध कराने को कहा गया। वहीं मुक्तिधाम निर्माण योजना के तहत सभी पंचायतों में आवश्यकतानुसार मुक्तिधामों के निर्माण और आधारभूत सुविधाओं के विकास पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए गए।
बैठक में ग्राम पंचायत स्तर पर पुस्तकालय निर्माण और उनके प्रभावी संचालन की भी समीक्षा हुई। आयुक्त ने कहा कि ग्रामीण युवाओं और विद्यार्थियों के ज्ञानवर्धन में पुस्तकालयों की महत्वपूर्ण भूमिका है, इसलिए इनके निर्माण और संचालन को प्राथमिकता दी जाए।
बैठक के दूसरे सत्र में तीनों जिलों के उप विकास आयुक्तों के साथ जिला परिषद द्वारा संचालित विभिन्न विकास योजनाओं की समीक्षा की गई। आयुक्त ने योजनाओं के गुणवत्तापूर्ण क्रियान्वयन, वित्तीय अनुशासन, समयबद्ध निष्पादन और नियमित मॉनिटरिंग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
बैठक के अंत में आयुक्त ने सभी अधिकारियों को लंबित कार्यों का शीघ्र निष्पादन सुनिश्चित करने और योजनाओं की नियमित समीक्षा करने का निर्देश दिया।
बैठक में आयुक्त के सचिव सुशील कुमार मिश्रा, उप विकास आयुक्त दरभंगा स्वप्निल, उप विकास आयुक्त समस्तीपुर सूर्य प्रताप सिंह, उप विकास आयुक्त मधुबनी, सहायक निदेशक योजना प्रीति कुमारी तथा तीनों जिलों के जिला पंचायत राज पदाधिकारी उपस्थित रहे।
