माइंडक्राफ्ट–2026 में विद्या विहार का शानदार प्रदर्शन, सबल बने ‘सर्वश्रेष्ठ प्रश्नोत्तरी प्रतिभागी’, टीम ने हासिल किया चौथा स्थान

Amit Singh

NEWS PR डेस्क: पूर्णिया,12 जुलाई। विद्या विहार रेजिडेंशियल स्कूल, पूर्णिया के विद्यार्थियों ने सिलिगुड़ी में आयोजित माइंडक्राफ्ट–2026 (द्वितीय संस्करण) अंतरविद्यालयी प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए विद्यालय, पूर्णिया तथा बिहार का गौरव बढ़ाया।

विद्यालय के कक्षा दसवीं के मेधावी छात्र सबल को प्रतियोगिता में उनके असाधारण सामान्य ज्ञान, त्वरित निर्णय क्षमता, आत्मविश्वास, सूझ-बूझ एवं उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए ‘सर्वश्रेष्ठ प्रश्नोत्तरी प्रतिभागी (बेस्ट क्विज़र)’ के प्रतिष्ठित व्यक्तिगत सम्मान से सम्मानित किया गया। यह उपलब्धि विद्यालय परिवार के लिए अत्यंत गर्व और हर्ष का विषय है।

प्रतियोगिता में पश्चिम बंगाल सहित विभिन्न राज्यों के लगभग 75 टीमों ने भाग लिया। विद्या विहार रेजिडेंशियल स्कूल का प्रतिनिधित्व सबल एवं दर्शील ने किया। दोनों विद्यार्थियों ने पूरी प्रतियोगिता के दौरान शानदार प्रदर्शन करते हुए फाइनल चरण तक द्वितीय स्थान बनाए रखा। अंतिम दौर में अत्यंत कम अंतर से पदक स्थान से चूकने के बावजूद टीम ने चौथा स्थान प्राप्त कर विद्यालय का नाम गौरवान्वित किया।

विद्यालय प्रबंधन ने इस सफलता का श्रेय विद्यार्थियों की कड़ी मेहनत, अनुशासित तैयारी, सतत अभ्यास तथा शिक्षकों के समर्पित मार्गदर्शन को दिया। प्रतियोगिता के दौरान टीम का सफल नेतृत्व एवं निरंतर सहयोग प्रदान करने वाले टीम प्रबंधक श्री आशिष झा के योगदान की भी विशेष सराहना की गई।

विद्यालय के सचिव, निदेशक, प्राचार्य, शिक्षकगण एवं समस्त विद्यालय परिवार ने सबल, दर्शील तथा श्री आशिष झा को इस उल्लेखनीय उपलब्धि पर हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएँ देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। साथ ही विश्वास व्यक्त किया कि वे भविष्य में भी अपनी प्रतिभा, परिश्रम और उत्कृष्ट प्रदर्शन से विद्यालय, पूर्णिया तथा बिहार का नाम राष्ट्रीय स्तर पर गौरवान्वित करते रहेंगे।

Share This Article