भागलपुर के काली मंदिर में बड़ी चोरी, मां काली की प्रतिमा समेत 24 किलो चांदी के आभूषण गायब

Rashmi Tiwari
- Advertisements -
Your Brand Here
Limited time offer
Advertise Now →

NEWS PR डेस्क: भागलपुर के नाथनगर थाना क्षेत्र स्थित शाहपुर गांव के प्रसिद्ध काली मां मंदिर में देर रात हुई चोरी की बड़ी वारदात से इलाके में सनसनी फैल गई। अज्ञात चोर मंदिर से मां काली की प्रतिमा और करीब 24 किलो चांदी के आभूषण चोरी कर फरार हो गए। घटना के बाद श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश है, जबकि पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।

मंदिर समिति के अनुसार, चोरी गए सामान में लगभग 11 किलो वजनी मां काली की प्रतिमा, 11 चांदी के झाप जिनका कुल वजन करीब 8 किलो तथा दो चांदी के मुकुट, जिनका वजन लगभग 5 किलो, शामिल हैं। सुबह जब श्रद्धालु पूजा-अर्चना के लिए मंदिर पहुंचे, तो पुजारी ने मंदिर का ताला टूटा हुआ देखा। अंदर जाने पर मां काली की प्रतिमा और चांदी के आभूषण गायब मिले। सूचना मिलते ही पूरे गांव में हड़कंप मच गया और बड़ी संख्या में लोग मंदिर परिसर में जुट गए।
CCTV में कैद हुई वारदात
मंदिर में लगे सीसीटीवी कैमरे की फुटेज में रात करीब 1:45 बजे एक संदिग्ध व्यक्ति मंदिर परिसर में प्रवेश करता दिखाई दे रहा है। फुटेज के अनुसार, उसने पहले मुख्य गेट का ताला तोड़ने की कोशिश की। असफल होने पर वह बालकनी के रास्ते मंदिर के भीतर घुसा और प्रतिमा के साथ चांदी के आभूषण चोरी कर फरार हो गया। पास के एक मकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में भी संदिग्ध को भागते हुए देखा गया है। फुटेज में एक हरे रंग का सीएनजी ऑटो भी दिखाई दे रहा है, जिससे पुलिस को शक है कि चोर उसी वाहन से आया और वारदात के बाद फरार हुआ।
जांच में जुटी पुलिस
घटना की सूचना मिलते ही नाथनगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। अपर थाना अध्यक्ष नईम अहमद ने बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए डीआईयू, एफएसएल और डॉग स्क्वायड की टीम को जांच में लगाया गया है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के प्रयास में जुटी है। मंदिर में हुई इस बड़ी चोरी की घटना से स्थानीय लोगों में गहरा आक्रोश है। लोगों ने पुलिस से जल्द से जल्द मामले का खुलासा कर चोरी गई प्रतिमा और आभूषण बरामद करने की मांग की है। भागलपुर से श्यामानंद सिंह की रिपोर्ट

- Advertisements -
Your Brand Here
Limited time offer
Advertise Now →
- Advertisements -
Your Brand Here
Limited time offer
Advertise Now →
Share This Article