NEWS PR डेस्क :– बिहार के पूर्वी चंपारण जिले में हुए चर्चित मोतिहारी जहरीली शराब कांड में आखिरकार साढ़े तीन साल बाद अदालत ने बड़ा फैसला सुनाया है। जहरीली शराब पीने से 42 लोगों की मौत के मामले में चार आरोपियों को दोषी करार देते हुए न्यायालय ने आजीवन कारावास की सजा सुनाई है। इस मामले में न्यायिक प्रक्रिया के दौरान कुल 49 गवाहों की गवाही दर्ज की गई। विशेष न्यायाधीश, उत्पाद न्यायालय संख्या-1 ने अजय कुमार यादव, ललन यादव, राजेश सहनी और नवल किशोर यादव को दोषी पाया है। अप्रैल 2023 में हुए इस शराब कांड ने पूरे बिहार को झकझोर कर रख दिया था।
दरअसल, अप्रैल 2023 में पूर्वी चंपारण जिले के हरसिद्धि, तुरकौलिया, पहाड़पुर और सुगौली थाना क्षेत्रों में जहरीली शराब पीने से अचानक कई लोगों की तबीयत बिगड़ने लगी थी। देखते ही देखते इस घटना ने भयावह रूप ले लिया और अलग-अलग इलाकों में कुल 42 लोगों की मौत हो गई। कई परिवारों के घरों में मातम पसर गया था। घटना के बाद प्रशासन और पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया था।
इस मामले में संबंधित थानों में प्राथमिकी दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की थी। जांच के दौरान सामने आए तथ्यों और साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों के खिलाफ न्यायालय में मुकदमा चला। करीब साढ़े तीन साल तक चली न्यायिक प्रक्रिया में अभियोजन पक्ष की ओर से 49 गवाहों की गवाही कराई गई। गवाहों के बयान और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर विशेष न्यायाधीश, उत्पाद न्यायालय संख्या-1 ने चारों आरोपियों को दोषी करार दिया।
अदालत ने अजय कुमार यादव, ललन यादव, राजेश सहनी और नवल किशोर यादव को बिहार मद्यनिषेध एवं उत्पाद अधिनियम तथा भारतीय दंड विधान की विभिन्न धाराओं के तहत दोषी पाते हुए आजीवन कारावास की सजा सुनाई है। इस फैसले को मोतिहारी जहरीली शराब कांड में न्यायिक प्रक्रिया का एक अहम पड़ाव माना जा रहा है।
पूर्वी चम्पारण से संतोष राउत की रिपोर्ट ;-