नरकटियागंज में मौत को दावत दे रहा जर्जर पुल, प्रशासन से ग्रामीणों ने लगाई गुहार

Rashmi Tiwari

NEWS PR डेस्क: पश्चिम चंपारण के नरकटियागंज में एक जर्जर पुल ग्रामीणों के लिए बड़ी परेशानी और खतरे का कारण बना हुआ है। शिकारपुर पंचायत के मुजौना मोहम्मदपुर स्थित खाहर नदी पर बना पुल अब अपनी बदहाल स्थिति के कारण कभी भी बड़े हादसे को न्योता दे सकता है। पुल में जगह-जगह गहरी दरारें पड़ चुकी हैं, पिलर क्षतिग्रस्त हो गए हैं और पूरा ढांचा कमजोर हो चुका है।यह पुल वार्ड संख्या 9 और 10 को जोड़ता है, जिससे रोजाना बड़ी संख्या में ग्रामीणों का आवागमन होता है। स्थानीय लोगों के अनुसार, पुल से ट्रैक्टर, बाइक और अन्य वाहन लगातार गुजरते हैं, जिससे हर समय दुर्घटना की आशंका बनी रहती है।

बरसात में बढ़ जाती है परेशानी
ग्रामीणों का कहना है कि बारिश के मौसम में खाहर नदी का जलस्तर बढ़ने के बाद पुल के ऊपर करीब 5 से 6 फीट तक पानी बहने लगता है। इसके कारण कई दिनों तक आवागमन बाधित हो जाता है और लोगों को जरूरी कामों के लिए भी काफी परेशानी का सामना करना पड़ता है।स्थानीय लोगों ने बताया कि इस पुल पर पहले भी कई हादसे हो चुके हैं, जिनमें 3 से 4 लोगों की जान जाने की बात सामने आई है। इसके बावजूद अब तक पुल की स्थिति सुधारने के लिए ठोस कदम नहीं उठाया गया है।
ग्रामीणों ने प्रशासन से लगाई गुहार
ग्रामीण सूरज ठाकुर, राजेश्वर शर्मा, प्रेमचंद यादव, सिकंदर शर्मा और वार्ड प्रतिनिधि मनोज राम ने प्रशासन से जल्द से जल्द पुल की मरम्मत या नए पुल के निर्माण की मांग की है।वहीं, पंचायत के मुखिया राहुल जायसवाल ने बताया कि पुल की समस्या को लेकर कई बार संबंधित अधिकारियों को लिखित और मौखिक रूप से जानकारी दी गई है, लेकिन अभी तक कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई।
हादसे से पहले समाधान की मांग
ग्रामीणों ने प्रशासन को चेतावनी देते हुए कहा है कि यदि जल्द ही इस समस्या का समाधान नहीं किया गया तो किसी बड़े हादसे से इनकार नहीं किया जा सकता। लोगों ने जिला प्रशासन से जर्जर पुल की जांच कर जल्द सुरक्षित आवागमन की व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की है।पश्चिम चंपारण से मोहम्मद इम्तियाज की रिपोर्ट

Share This Article